वाराणसी में इंस्टाग्राम पर मिला अलर्ट, पुलिस ने महाराष्ट्र के युवक को बचाया...

वाराणसी : महाराष्ट्र में घर से गत सात जुलाई को लापता युवक की जान वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस ने रविवार को बचा ली. युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पूर्व इंस्टाग्राम पर मैसेज डाला था, जिसके बाद उसके स्वजन ने लोकेशन की पड़ताल कर दशाश्वमेध थानाध्यक्ष को सीयूजी सूचना दी. इसके बाद युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस ने युवक के भाई को बुलाकर उसे उसकी सुपुर्दगी में दे दिया.
एसीपी डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि नागपुर, महाराष्ट्र के सर्वश्री नगर निवासी 32 वर्षीय शुभम कृष्णाजी सात जुलाई को घर से लापता हो गए थे. परिजनों ने स्थानीय थाना में शुभम की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. युवक का सुराग न मिलने पर परिजन उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक पर निगरानी रखने लगे. रविवार को शुभम ने इंस्टाग्राम पर जान देने का मैसेज पोस्ट किया, जिससे परिजनों में चिंता बढ़ गई.
ALSO READ : गांडीव इंपैक्ट : कुख्यात पशु तस्कर को रामनगर पुलिस ने गोली मारकर किया गिरफ्तार
परिजनों ने तुरंत थानाध्यक्ष दशाश्वमेध के सीयूजी नंबर पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम दशाश्वमेध घाट पहुंची और शुभम को बरामद कर लिया. युवक उस समय गंगा में छलांग लगाने की तैयारी में था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते बचा लिया. पुलिस टीम में दारोगा अनुज मणि तिवारी, शुभम सिंह, राम प्रकाश तिवारी, कांस्टेबल अमित कुमार, सचिन आदि शामिल थे. इस घटना ने यह साबित कर दिया कि समय पर सूचना देने से किसी की जान बचाई जा सकती है. इस घटना के बाद, शुभम के परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी तत्परता ने उनके बेटे की जान बचाई. बता दें कि पिछले दिनों भी लंका थाने की पुलिस ने एक युवक की जान इसी तरह बचाई थी.



