वीडीए लेगा इंफ्लुएंसर्स का सहयोग, जनता को करेंगे जागरूक

वाराणसी : विकास प्राधिकरण वाराणसी अवैध निर्माण से बचने और निर्माण मानकों की जागरूकता के लिए इंफ्लुएंसर्स की मदद लेगा. उनके माध्यम से वीडीए की महायोजना और निर्माण मानकों के बारे में जनता को जागरूक किया जाएगा. इसके लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने इंफ्लुएंसर्स से आग्रह किया कि वे अपने माध्यमों से इस समस्या को उजागर करें ताकि लोग ऐसे अवैध निर्माण और लेआउट से सावधान रहे. उन्होंने कहा कि वीडीए जनता की सुविधा और शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है. इंफ्लुएंसर्स समाज के बड़े वर्ग को प्रभावित करते हैं. वे ऐसे वीडियो एवं कंटेंट तैयार करें जिनसे जनता को यह जानकारी मिल सके कि बिना प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराए किसी भी प्लॉट को न खरीदें.
प्लॉटर्स को भी संदेश दें कि प्लॉटिंग के लिए निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करना अनिवार्य है. ऐसा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. इससे वीडीए की पहुंच बढ़ जाएगी. आम जनता आसानी से जान सकेगी. इसके लिए वीडीए भी अपनी वेबसाइट पर आम जनता को जागरूक करने में जुटी है. इसमें वीडीए की ओर से होने वाली कार्रवाई और नियमों के बारे में बताया जा रहा है ताकि आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो. हेल्पडेस्क को भी इस काम में लगाया गया है.
266.49 करोड़ से सुधरेगी 18 वार्डों की सीवर लाइन
अमृत 2 योजना के तहत नगर निगम के 18 वार्ड में सीवर लाइन डालने के लिए 266.49 करोड़ रुपये शासन ने मंजूर किए हैं. यहां से जल निगम ने प्रस्ताव बनाकर भेजा था. इसमें जोल्हा उत्तरी, भेलूपुर, तुलसीपुर, दुर्गाकुंड, नगवा, नरिया, शिवपुरवा, काजीपुरा, सराय नंदन, बिरदोपुर, शिवाला, भेलूपुर, बागहाड़ा, जंगमबाड़ी, बंगालीटोला, प्रह्लाद घाट, कृतिवाशेश्वर और हुकुलगंज वार्ड शामिल हैं.
ALSO READ :बनारस लिटरेचर फेस्टिवल-4 - काशी की साहित्यिक फिजा में सृजन, स्मृति और साधना का अद्भुत संगम, अनुपम खेर ने रखे विचार
पिछले दिनों नगर निगम ने सर्वे कराया था. उस दौरान तय हुआ था कि सभी पुराने वार्डों में आवश्यकता अनुसार सीवर की ब्रांच लाइन के साथ पानी की नई पाइपलाइन को बिछाया जा सके. नगर निगम का दायरा 82 वर्ग किलोमीटर बढ़कर अब 186 वर्ग किलोमीटर हो गया है और वार्डों की संख्या भी 90 से बढ़कर 100 हो गई है. नए परिसीमन में पुराने वार्डों का क्षेत्रफल बढ़कर 75 वार्ड कर दिया गया, जबकि नव शहरी क्षेत्र को 25 वार्डों में विभाजित किया गया है.



