कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वास्थ्य लाभ के लिए अनुष्ठान, मोदी ने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की...

वाराणसी : चेतगंज क्षेत्र में स्थित माता सत्ती के दरबार में शुक्रवार को अजय राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर हवन-पूजन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. यह धार्मिक अनुष्ठान सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ “गोलू” के नेतृत्व में आयोजित किया गया. पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने मां से अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. इस दौरान शुभम सेठ ने माता से मनौती भी मांगी कि अजय राय शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार के साथ दरबार में उपस्थित हों और आशीर्वाद प्राप्त करें. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अजय राय के शीघ्र स्वास्थ होने की कामना की.

शुभम सेठ “गोलू” ने कहा कि अजय राय हमेशा काशीवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं. उन्होंने हर कठिन परिस्थिति में लोगों की मदद की है और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई है. ऐसे में जब वे स्वयं अस्वस्थ हैं, तो पूरा काशी समाज उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है.
हवन-पूजन के दौरान पूरे माहौल में भक्तिमय वातावरण बना रहा. श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति देकर अजय राय के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और पुनः सक्रिय सार्वजनिक जीवन की कामना की.
also read:सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम
इस अवसर पर प्रदीप कनौजिया, रवि अग्रहरि, पिंटू बाबा, मलिक चंद्र और विकास गौड़ सहित कई लोग मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की और उनके स्वस्थ होकर फिर से जनसेवा में सक्रिय होने की उम्मीद जताई. बतादें कि शुक्रवार को लखनऊ में अचानक अजय राय की तबीयत खराब हो गई थी. आनन फानन उन्हें मेदांता हास्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनके स्वास्थ्य में सुधार है.



