विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, उड़ान भरने में हुई देरी

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार की शाम वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एप्रन से रनवे पर जा रहे अकासा एयर लाइंस के विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की गई. यह देख विमान के क्रू मेंबर ने उक्त हरकत करने वाले यात्री को रोका और पायलट को सूचना दी.
पायलट ने तत्काल एटीसी से संपर्क कर विमान को वापस एप्रन पर लाया. एप्रन पर आने के बाद आरोपित यात्री को विमान से उतार कर और सुरक्षाकर्मियों को सौंपा गया. सुरक्षाकर्मियों ने उससे पूछताछ शुरू की. वहीं, विमान की भी जांच की गई. जिससे विमान लगभग एक घंटे देरी से रवाना हो सका.

एक घंटे देर से उड़ा विमान
जानकारी के अनुसार, अकासा एयरलाइंस का विमान क्यूपी 1498 मुंबई से शाम चार बजे उड़ान भरकर वाराणसी एयरपोर्ट पर शाम 6:20 बजे पहुंचा. फिर वही विमान क्यूपी 1497 बनकर वाराणसी से मुंबई के लिए शाम 6:45 बजे उड़ान भरने के लिए एप्रन से रनवे की ओर जा रहा था. इस बीच जौनपुर के गौरा बादशाहपुर निवासी यात्री सुजीत सिंह द्वारा विमान का इमरजेंसी डोर खोलने का प्रयास किया गया. क्रू मेंबर्स ने तत्काल इसकी सूचना पायलट को दी. पायलट ने एटीसी से संपर्क कर विमान को वापस किया. इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया. यात्री को विमान से उतारने के बाद पुलिस को सूचना दे दी गई है. इस दौरान सभी प्रक्रियाओं के बाद विमान एक घंटे देरी से पुनः रवाना हुआ.
ALSO READ : बीएचयू में दो अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनियों का आरंभ, सौ दिग्गज कलाकारों की लगी पेटिंग
पूर्व में भी हो चुकी है इस तरह की कोशिश
करीब एक माह पूर्व एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक यात्री ने बेंगलुरु-वाराणसी उड़ान IX-1086 के दौरान विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया था. लेकिन अपहरण के डर से कैप्टन ने भीतर से दरवाजा नहीं खोला. वाराणसी में विमान लैंड करने के बाद सीआईएसएफ उस यात्री सहित उसके साथ यात्रा कर रहे अन्य आठ यात्रियों को हिरासत में ले लिया था. बाथरूम के बगल में कॉकपिट के दरवाजे का बटन था और आरोपी ने बाथरूम का समझकर कॉकपिट का बटन दबा दिया था.



