ट्रॉमा सेंटर, आईएमएस-बीएचयू में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 30 यूनिट रक्त संग्रहित.

वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस-बीएचयू) स्थित ट्रॉमा सेंटर में गुरुवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले शिविर में ट्रॉमा सेंटर के नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ और संस्थान के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 30 यूनिट रक्त स्वैच्छिक रूप से संग्रहित किया गया।
रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों के उपचार और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रक्तदान किया। इस दौरान अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में आईएमएस-बीएचयू के निदेशक प्रो. एस.एन. शंखवार, डीन एकेडमिक प्रो. संजय गुप्ता, ट्रॉमा सेंटर के कार्यवाहक प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. राजेश मीना, उप मुख्य प्रॉक्टर प्रो. अजीत परिहार, डॉ. कविता मीना, वरिष्ठ सहायक कुलसचिव शार्दूल चौबे और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मनीष निगम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ALSO READ : स्वच्छता को लेकर वाराणसी मंडल में वाकाथन, रेलकर्मियों और स्काउट-गाइड बच्चों ने लिया हिस्सा
अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों और आपातकालीन परिस्थितियों में उपचार करा रहे मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से ट्रॉमा सेंटर जैसे उच्चस्तरीय आपातकालीन चिकित्सा केंद्र में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता मरीजों के उपचार में अहम भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। इस अवसर पर आमजन से भी नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई और सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



