खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला से उकेरा दीप...

वाराणसी:खेल के मैदान पर जब खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का अनूठा प्रदर्शन किया तो नजारा देखने लायक बन गया। शुक्रवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेल गतिविधियों की जगह एक अनोखा आयोजन हुआ। यहां 410 बालक-बालिकाओं ने एक साथ बैठकर अपने शरीर की आकृति से विशाल दीप का स्वरूप तैयार किया। विद्यार्थियों और खिलाड़ियों की इस अनूठी पहल ने भारतीय परंपरा, एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।
आमतौर पर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों की दौड़, अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं देखने को मिलती हैं, लेकिन इस बार मैदान में खेल से इतर रचनात्मकता का अनूठा संगम नजर आया। निर्धारित स्थान पर छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से बैठकर दीप की आकर्षक आकृति बनाई। ऊपर से देखने पर खिलाड़ियों और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया यह स्वरूप बेहद मनमोहक दिखाई दे रहा था।
AlSO READ: काशी के सर्राफा बाजार में छूट दे रही चुनौती, 0% मेकिंग चार्ज का दावा, कारोबारियों में मची होड़...
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य 410 बालक-बालिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को अपनी भारतीय परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का छोटा सा प्रयास करना है। खेल और शिक्षा के साथ सांस्कृतिक मूल्यों का जुड़ाव भी जरूरी है।



