महिला संग लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, डालर समेत 46 हजार नकद बरामद...

वाराणसी : लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में अमेरिकी डॉलर दिखाकर धोखाधड़ी और लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ऐढ़े अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दो मोटरसाइकिलों के साथ दबोच लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 4 नवंबर को खजुरी रोड पर एक महिला से 1.20 लाख रुपये लूटे थे. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 46,005 रुपये नकद, 60 अमेरिकी डॉलर, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद हुए हैं.
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख रफीक, प्रमोद कुमार और मोहम्मद इब्राहिम के रूप में हुई है. इनमें शेख रफीक गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र का रहने वाला है. वहीं, प्रमोद कुमार और मोहम्मद इब्राहिम उत्तर-पूर्वी दिल्ली के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त शेख रफीक का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ रामपुर जनपद के कोतवाली थाने में डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं. वहीं, वर्तमान मामले में लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा संख्या 358/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है.
ALSO READ: BHU में दस दिन बाद छात्रसंघ बहाली का धरना समाप्त, कुलपति ने कमेटी की रिपोर्ट के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का दिया भरोसा
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. पुलिस टीम में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, प्रद्युम्न राय, श्याम नारायण यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया है. फिलहाल, वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.



