प्रेमी के घर प्रेमिका ने खाया जहरीला पदार्थ, शादी से इनकार करने पर उठाया कदम, हालत गंभीर...

वाराणसी : सोशल मीडिया से संपर्क में आई महाराष्ट्र की एक युवती वाराणसी में अपने प्रेमी के घर पर जहरीला पदार्थ खाकर अचेत हो गई. प्रेमी के परिजनों द्वारा शादी से इनकार करने पर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया. घटना के बाद प्रेमी के परिजनों के हाथ पांव फूलने लगे. आनन फानन उसे गंभीर हालत में पंडित दीनदयाल राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है.
महाराष्ट्र के पालघर की रहने वाली 19 वर्षीय चांदनी ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए सारनाथ थाना क्षेत्र के पुराना पुल निवासी निहाल राजभर पुत्र रतनचंद्र से हुई थी. निहाल ने उससे भागकर शादी करने का वादा किया था. इसके बाद वह 25 दिन पहले अपने घर को छोड़कर वाराणसी के पुराना पुल स्थित निहाल के घर आई थी. हालांकि, निहाल के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया और उसे 2030 में शादी करने की बात कहकर वापस महाराष्ट्र भेज दिया.
इस बीच युवक के प्यार में युवती मंगलवार को फिर वाराणसी पहुंची और सारनाथ थाना होते हुए प्रेमी के पुराना पुल स्थित घर गई. युवती ने बताया कि जब वह निहाल के घर पहुंची तो निहाल के घरवालों ने उसे गालियां दीं, डांटकर भगा दिया और कहा कि इस घर में उसके लिए कोई जगह नहीं है. इस अपमान से नाराज होकर युवती पंचकोशी चौराहा पहुंची, जहां से उसने चूहा मारने की दवा खरीदी. इसके बाद वह दोबारा प्रेमी के घर पहुंची और वहीं दवा खा ली.
ALSO READ:वाराणसी से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ी सुविधा, ‘ईज़ी कनेक्ट’ सेवा 25 जून से शुरू...
युवती को जहर खाते देख निहाल के परिजनों के हाथ-पांव फूल गए. निहाल की मां सोनी देवी ने तत्काल सारनाथ पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने युवती को गंभीर स्थिति में इलाज हेतु पंडित दीनदयाल राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है. घटना की सूचना मिलने पर एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय और मजिस्ट्रेट अस्पताल पहुंचे और युवती का बयान दर्ज किया. फिलहाल, युवती इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है और उसका इलाज जारी है.



