हास्पिलट में प्रसव के बाद महिला की मौत, हाइवे पर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन...

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव स्थित रुस्तमपुर में एक निजी मैटरनिटी होम में प्रसव के बाद 22 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल में तोड़फोड़ के बाद परिजनों ने महिला का शव राष्ट्रीय राजमार्ग-29 (NH-29) पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
जानकारी के अनुसार, मृतका कंचन कुमारी ने 2 अगस्त को जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रुस्तमपुर के चौधरी नगर स्थित अभय क्लीनिक एंड मैटरनिटी होम में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया और बाद में शव को NH-29 पर रखकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतका के पति मिथिलेश कुमार की तहरीर पर अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र यादव, एक कथित झोलाछाप चिकित्सक तथा एक नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ALSO READ : शिवभक्तों की सेवा में वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, कावड़ियों को कराया फलाहार
एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि मामले में संबंधित डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी होने तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। घटना की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने और जाम समाप्त कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।



