बरेका में सड़क पर मिला महिला का डेढ़ लाख का पर्स, RPF ने सुरक्षित लौटाया.

वाराणसी : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सतर्कता और मानवीय प्रयास से एक महिला यात्री का गुम हुआ कीमती पर्स सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। पर्स में नकदी के साथ सोने की चेन, चांदी की पायल और परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान था। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रशासन/बरेका के क्षेत्राधिकार में उप निरीक्षक लवकुश प्रसाद और कांस्टेबल अजय कुमार विश्वकर्मा नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:20 बजे नाथूपुर पोटा केबिन के सामने सड़क पर उन्हें एक लेडीज हैंड पर्स लावारिस अवस्था में पड़ा मिला।
RPF कर्मियों ने पर्स को कब्जे में लेकर उसमें मिले मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित महिला से संपर्क किया। महिला ने बताया कि उसका पर्स उक्त स्थान पर गिर गया था। इसके बाद महिला के बरेका/कैंट क्षेत्र में पहुंचने पर उसकी पहचान और पर्स में मौजूद सामान का सत्यापन किया गया।
ALSO READ : वाराणसी में एयर शो: बाबतपुर एयरपोर्ट रहेगा नो फ्लाई जोन, वाराणसी आने-जाने वाले विमान होंगे री-शेड्यूल
सत्यापन में पर्स के अंदर 1,390 रुपये नकद, करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन, चांदी की पायल, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड समेत अन्य आवश्यक सामान सुरक्षित मिला। सामान का मिलान और महिला की पहचान सुनिश्चित होने के बाद सुरक्षा स्टाफ नागेंद्र चौबे की मौजूदगी में नियमानुसार सुपुर्दगी नामा तैयार किया गया और पूरा सामान महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।
कीमती सामान वापस मिलने पर महिला ने RPF के इस कार्य के लिए आभार जताया और जवानों की सराहना की। संयोग से जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के दिन सामान वापस मिलने पर महिला ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। RPF के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ जरूरत के समय उनकी सहायता और मानवीय सेवा को भी प्राथमिकता दी जाती है।



