बड़ागांव थाने पर महिलाओं का धरना, पुलिस पर एक पक्ष के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप…

वाराणसी : बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरिहरपुर कनियार गांव की कई महिलाएं शनिवार देर शाम थाने पहुंच गईं और पुलिस पर एक पक्ष के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गईं.महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, लेकिन महिलाओं ने उनकी गाड़ी रोक दी और अपनी बात रखने पर अड़ी रहीं. करीब आधे घंटे तक महिलाएं थाने के गेट पर बैठकर विरोध करती रहीं.पुलिसकर्मी उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन महिलाएं कार्रवाई की मांग पर डटी रहीं.
बाद में महिला पुलिसकर्मियों की मदद से शिकायत करने वाली महिला, उसके बेटे और एक अन्य महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने के अंदर बैठाया.इसके बाद धीरे-धीरे अन्य महिलाएं वहां से हट गईं.आरोप है कि तीनों को रात करीब 10:30 बजे के बाद छोड़ा गया.
जानकारी के अनुसार, 4 जून को गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी.एक पक्ष के हरिशंकर सिंह ने अभय और मयंक पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया.
वहीं दूसरे पक्ष की चिंता देवी ने शंकर, श्यामराज, रामजीत, इंदल और इंद्रजीत पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी.महिलाओं का कहना है कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि दूसरे पक्ष की तहरीर पर तुरंत केस दर्ज कर लिया गया.
ALSO READ : दुधमुंही बच्ची पर पड़ोसी को नहीं आया तरस, घायल बच्ची का चल रहा इलाज...
पीड़ित पक्ष की प्रियंका पटेल ने आरोप लगाया कि उनके 15 वर्षीय भाई मयंक और 17 वर्षीय भाई अभय के साथ मारपीट की गई थी.बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां चिंता देवी के साथ भी अभद्रता और मारपीट हुई.प्रियंका ने आरोप लगाया कि धरने के दौरान वीडियो बनाने पर पुलिस ने उनका मोबाइल भी छीन लिया, जो अब तक वापस नहीं किया गया है.



