महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा, 8 अगस्त को सजेगा बहुरंगी अग्रसेन सावन मेला

वाराणसी: 8 अगस्त को वाराणसी के कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में श्री काशी अग्रवाल समाज एवं श्री अग्रसेन महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में बहुरंगी हस्तशिल्प अग्रसेन सावन मेला का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित प्रेसवार्ता में पदाधिकारियों बी.के. कमल दास अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, मालिनी चौधरी और रीता प्रकाश ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना तथा उनकी उद्यमिता को बढ़ावा देना है। मेले में विभिन्न राज्यों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों के करीब 80 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें बनारसी साड़ियां, सूट, मऊ की चूड़ियां, कोलकाता के परिधान, काशी के पारंपरिक खानपान, फैंसी ज्वेलरी, हैंडमेड राखियां, जन्माष्टमी सजावट सामग्री, भगवान के रेशमी वस्त्र, खिलौने, बटिक, मेहंदी, मेकअप, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक उत्पाद प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा पांच चैरिटी स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
ALSO READ : हत्या की धमकी देकर डाक्टर दंपती से मांगी आठ लाख रंगदारी, आरोपी गिरफ्तार
आयोजकों के अनुसार यह मेला भारतीय संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, खानपान, तीज-त्योहार, लोकगीत और हस्तशिल्प का अनूठा संगम होगा। महिलाओं की प्रतिभा और उनके उत्पादों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित यह मेला सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।



