राजघाट पुल पर काम शुरू, रात भर पैदल और वाहनों का आवागमन रहा बंद...

वाराणसी : दो बार टलने के बाद राजघाट पुल पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य मंगलवार की रात 10 से शुरू कर दिया गया. रेलवे और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के बीच हुई वार्ता के बाद पुल पर मरम्मत कार्य के लिए ब्लाक प्रभावी कर दिया गया. रात दस बजे पुल के दोनों तरफ पड़ाव और बसंत कॉलेज राजघाट मोड़े के पास वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बैरियर व जर्सी डिवाइडर लगाकर रोक दिया गया. इस दौरान राहगीरों को परेशानी का सामना करना पडा.
वहीं, सुरक्षा को लेकर पुल के दोनों छोर पर स्थानीय पुलिस व यातायात विभाग के जवानों को तैनात किया गया है. साथ ही आम जनमानस की सुविधा के लिए सार्वजनिक सूचना के लिए बोर्ड भी लगाया गया है. जिसके तहत पुल का मरम्मत कार्य रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक चलने की जानकारी दी गई है. कार्य के दौरान पुल पर सभी प्रकार के वाहन व पैदल आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिया गया. अगले दिन सुबह सात बजे से लेकर रात 9:55 बजे तक पुल वाहन व पैदल आवागमन के लिए खुला रहेगा.
इतने दिन का मेगा ब्लाक
100 वर्ष से अधिक पुराने इस पुल पर मेरठ की सीको कंपनी ने ड्रेनेज स्पाऊट और एक्सपेंशन जाइंट की मरम्मत व बदलाव का कार्य शुरू कर दिया. इसके लिए पहले 14 जून से 13 अगस्त तक 60 दिनों का ब्लॉक प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे 14 जून को टाल दिया गया था. वहीं, मरम्मत अवधि के दौरान लोगों को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करते हुए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है.
ALSO READ : महिला सशक्तीकरण की दिशा में पहल, जरूरतमंद युवती को दिया गया लैपटॉप...
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें. इसके बावजूद बसंत कॉलेज राजघाट मोड़े के पास लगाए गए बैरियर के पास चार पहिया व दो पहिया वाहन सवारों की भीड़ लग गई. इस दौरान सभी पुलिस कर्मियों से पुल से पड़ाव की ओर जाने के लिए अनुरोध करते रहे. हालांकि उन्हें समझाकर पुलिस कर्मियों ने वापस भेज दिया. कुछ यही स्थिति पड़ाव की तरफ रहा. इस दौरान मौके पर कोतवाली सर्कल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर धनंजय सिंह, आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा, चौकी इंचार्ज मच्छोदरी भृगुपति त्रिपाठी, चौकी प्रभारी तेलियानाला अजय कुमार मय फोर्स मौजूद थे.



