युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी : राजातालाब थाना क्षेत्र के कृष्णदत्तपुर कोइलीपुल गांव के निवासी दिनेश सिंह के 18 वर्षीय पुत्र आर्यन सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आर्यन राजकीय इंटर कॉलेज जख्खिनी में कक्षा 12 का छात्र था.
परिजनों को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला. शक होने पर घरवालों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. आर्यन कमरे में खूंटी के सहारे लटका मिला.उसके चेहरे पर पॉलिथीन और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था.
मृतक आर्यन दो भाइयों में दूसरे नंबर का था.आत्महत्या के कारणों को लेकर परिजन कुछ भी समझ नहीं पा रहे हैं. सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ALSO READ : काशी विद्यापीठ : ई गवर्नेंस से भ्रष्टाचार में होगी कमी, व्याख्यान में बोले विद्वान
बेटे की मौत से पिता दिनेश सिंह और मां नीलू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार आर्यन पढ़ाई में तेज था और शतरंज खेलना पसंद करता था. वह मोबाइल के माध्यम से पढ़ाई करता था और गेम भी खेलता था. ग्रामीणों को आशंका है कि कहीं किसी ऑनलाइन गेम के जरिए उसे ऐसा कदम उठाने के लिए उकसाया तो नहीं गया.
आर्यन का मोबाइल फोन उसके कमरे से बरामद हुआ है, जो स्क्रीन लॉक होने के कारण खुल नहीं पाया. पुलिस ने जांच के लिए मोबाइल को भी अपने कब्जे में ले लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा.HangingCase



