वाराणसी में तीन दिन पूर्व लापता युवती की हत्या, बंद मकान के वाशरूम में शव मिला

वाराणसी : तीन दिन पूर्व अपहृत राजातालाब थाना क्षेत्र के मरूई गांव निवासी 22 वर्षीय एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. श्रेया उपाध्याय नामक युवती का शव आज गुरुवार को रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत बच्छांव पश्चिम पुरा के पास मालवीय इंटर कालेज के पीछे एक बंद मकान के वाशरूम में मिला. युवती का शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह इलाके में फैल गई. देखते ही देखते बडी संख्या में ग्रामीणों की भीड जुट गई. सूचना के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है. युवती का शव पानी में सड़ने लगा था.

अखरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि मौके पर फील्ड यूनिट टीम बुलाई गई है. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. परिजनों के अनुसार गत 17 अगस्त को युवती घर से कालेज जाने के लिए निकली थी. कालेज से लौटते समय अचानक वह गायब हो गई. परिजनों ने काफ तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका. इसके बाद पिता ने राजातालाब थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. युवती की शादी पड़ोस के गांव में तय थी लेकिन किसी नियार डीह थाना चोलापुर के रिश्तेदार विवेक चौबे से पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. माना जा रहा है कि हत्या के तार इन्हीं से जुड़े हो सकते हैं. 20 अगस्त को श्रेया की मां और उसका चचेरा भाई विवेक के मामा के घर मिर्जापुर के सीखड़ गांव पहुंचे. वहां विवेक के बारे में पूछा तो पता चला कि वह गायब है. इसी दौरान वहां विवेक का एक बैग मिला, जिसमें उसके कमरे की चाबी थी. श्रेया की मां कमरे की चाबी लेकर बच्छांव पहुंचीं. जैसे ही उन्होंने ताले में चाबी लगाई, दरवाजा खुल गया. कमरे से तेज बदबू आ रही थी. अंदर जाकर देखा तो वाशरूम में श्रेया की लाश पड़ी थी. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

ALSO READ : आईआईटी-बीएचयू में उभरते जल प्रदूषकों पर प्रशिक्षण, माइक्रोप्लास्टिक के खतरों पर विशेषज्ञों ने किया मंथन
ग्रामीणों का आरोप है कि युवती के गायब होने की शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय नहीं हुई. पुलिस की शिथिल कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. मौके पर जुटे ग्रामीण तरह तरह की चर्चा करते रहे. फिलहाल पुलिस घटना से जुडे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. सूचना के बाद युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस परिजनों समेत संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने में जुट गई है. मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई है. युवती जगतपुर पीजी कालेज में एमएससी की छात्रा थी. जिस मकान में युवती का शव मिला उसके मालिक से भी पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस की जांच में पता चला कि एक महीने पहले युवती के प्रेमी ने बच्छांव में किराए पर कमरा लिया था. इसी मकान में युवती का शव बरामद हुआ. मृतका के पिता सुनील उपाध्याय जक्खिनी में रेडीमेड कपड़े की दुकान चलाते हैं. मृतका अपने माता- पिता की इकलौती संतान थी. आशंका जताई जा रही है कि प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने वारदात को अंजाम दिया है. डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि प्रेमी विवेक चौबे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.



