इंस्टाग्राम चलाने से मना करने पर युवती रेलवे ट्रैक पर लेटी, महिला दरोगा ने बचाई जान....

वाराणसी : इंस्टाग्राम चलाने से मना करने पर परिजनों से नाराज एक युवती ने जान देने का प्रयास किया. घटना सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित आशापुर रेलवे क्रॉसिंग पर हुई. परिजनों से क्षुब्ध युवती रेलवे ट्रैक पर लेट गई थी. राहगीरों की सूचना के बाद आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर युवती की जान बचाई. लोगों ने महिला दरोगा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनके चलते युवती की जान बच गई.
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात लगभग 11:45 बजे आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवती के रेलवे पटरी पर लेटे होने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने देखा कि एक युवती रेलवे ट्रैक पर लेटी हुई थी और दूसरी तरफ से ट्रेन तेजी से आ रही थी. महिला दरोगा ने तत्परता दिखाते हुए युवती को ट्रैक से खींचकर किनारे किया, जिसके तुरंत बाद ट्रेन वहां से गुजर गई.
ALSO READ: छात्राओं से रूबरू हुए DCP काशी, पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर दिया सफलता का मंत्र....
पुलिस युवती को आशापुर चौकी ले गई, जहां उसकी काउंसलिंग की गई. काफी देर बाद युवती सामान्य हुई और उसने अपना नाम पिंकी (18 वर्ष) बताया. वह मूल रूप से पटना की निवासी है और वर्तमान में आशापुर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही है. पिंकी ने पुलिस को बताया कि उसके भाई ने उसे सोशल मीडिया अकाउंट चलाने से रोका था और पिछली रात उसे बहुत डांटा था, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाया. पुलिस की काउंसलिंग के बाद युवती ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन दिया. देर रात पुलिस ने युवती के सहकर्मियों को बुलाया और उन्हें युवती को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी.



