एचपीवी टीकाकरण को लेकर बीएचयू में जागरूकता कार्यक्रम, 11 एमबीबीएस छात्रों को लगी वैक्सीन की पहली डोज.

वाराणसी: ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण को लेकर मंगलवार को सर सुंदरलाल अस्पताल, IMS-BHU के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एडोलसेंट हेल्थ एंड डेवलपमेंट (Model-AFHC), OPD-201 में जागरूकता कार्यक्रम सह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को HPV संक्रमण से होने वाली बीमारियों, विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर से बचाव में टीकाकरण की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन IMS-BHU के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष एवं Centre of Excellence for Adolescent Health and Development की नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) संगीता राय के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में किया गया।
इस दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रो. (डॉ.) डी.पी. यादव ने छात्रों और प्रतिभागियों को HPV टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि HPV से संबंधित बीमारियों की रोकथाम के लिए टीकाकरण एक महत्वपूर्ण निवारक उपाय है। उन्होंने छात्रों से अपने सहपाठियों, परिवार और समुदाय के लोगों के बीच भी HPV टीकाकरण को लेकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
11 एमबीबीएस छात्रों को लगी पहली डोज
स्वास्थ्य शिविर के दौरान IMS-BHU के 11 एमबीबीएस छात्रों को HPV वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। आयोजकों के अनुसार, यह युवा वर्ग में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को HPV वैक्सीनेशन की खुराक और समय-सारणी के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि 9 से 14 वर्ष की आयु में टीकाकरण शुरू करने वालों को सामान्यतः दो खुराक दी जाती हैं, जबकि 14 वर्ष की आयु के बाद टीकाकरण शुरू करने वाले व्यक्तियों को सामान्यतः तीन खुराक की आवश्यकता होती है। यह संबंधित टीकाकरण दिशानिर्देशों के अनुसार है।
ALSO READ:महापौर ने इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का किया शिलान्यास, गुणवत्तापूर्ण विकास पर दिया जोर
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हर्ष कुमार सिंह, सौम्या मिश्रा और मज़ाहिर अब्बास हैदरी की समन्वित भूमिका रही। उनके सहयोग से छात्रों के बीच HPV टीकाकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया गया।



