बरेका में भारतीय भाषाओं की पुस्तकों पर हुई चर्चा...

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को भारतीय भाषा संगोष्ठी एवं पुस्तक विमर्श आयोजित किया गया। राजभाषा विभाग की ओर से हुए कार्यक्रम में कर्मचारियों ने विभिन्न भारतीय भाषाओं की अपनी पसंदीदा पुस्तकों पर विचार साझा किए।
प्रतिभागियों ने पुस्तकों की विषय-वस्तु, उनके संदेश और उपयोगिता पर चर्चा करते हुए पढ़ने के दौरान मिले अनुभव भी बताए। अलग-अलग भाषाओं और विषयों की पुस्तकों पर हुई चर्चा ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और संवादपरक बना दिया। कर्मचारियों ने पुस्तक-पठन को ज्ञान बढ़ाने के साथ ही विचारों को व्यापक बनाने का माध्यम बताया।

कार्यक्रम में उप मुख्य विपणन प्रबंधक अनूप मिश्रा और उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी अजय कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संगोष्ठी में बरेका के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे के नेतृत्व में किया गया।
ALSO READ: काशी विद्यापीठ के एडेड कॉलेजों की शिक्षिकाओं ने खोला मोर्चा, कैशलेस चिकित्सा योजना के बहिष्कार का ऐलान



