युवती समेत दो ने अलग अलग घटनाओं में दे दी जान, सामने आई ये वजह

Two people, including a young woman, committed suicide in separate incidents; this reason came to light.
वाराणसी: जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में युवती समेत दो लोगों द्वारा जान देने की घटना सामने आई. शिवपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में पारिवारिक कलह से परेशान रीता देवी (37) की विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, युवती का बुधवार शाम घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद से आहत होकर उन्होंने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया. कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

जांच के बाद आगे की कार्रवाई
रीता देवी का मायका गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित अकौनी बाजार में है. उनका विवाह वर्ष 2012 में हरिहरपुर निवासी राम विकास उर्फ टाइगर के साथ हुआ था. मृतका के दो बच्चे हैं. बड़ा बेटा आदिश (12) और बेटी आकृति (10) मां की मौत के बाद बदहवास हैं. मायका पक्ष का आरोप है कि रीता ने अपनी मां मंजू देवी को फोन कर घर की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी. मृतका के पिता मुन्नीलाल भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रीता के जेठ संतोष अक्सर शराब के नशे में गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते थे. लगातार हो रहे विवाद और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया. थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

युवक ने फंदे से लटककर दी जान
लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में गुरुवार दोपहर पारिवारिक कलह से परेशान 25 वर्षीय अब्दुल तालिब ने घर के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार, ग्राम कोटवा मुहल्ला खरका निवासी अब्दुल तालिब, पुत्र अब्दुल कादिर की शादी तीन वर्ष पहले छितौनी निवासी आफरीन से हुई थी. शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रहा था. थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि युवक कोई काम नहीं करता था और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है.
यह भी पढ़ें: गंगा में नहीं थम रहे हादसे, स्नान कर रहे युवक की डूबने से मौत



