20 हजार की रिश्वत लेते काशी विद्यापीठ चौकी प्रभारी दरोगा और सिपाही गिरफ्तार

वाराणसी : काशी विद्यापीठ चौकी प्रभारी दरोगा शिवाकर मिश्रा और सिपाही गौरव कुमार द्विवेदी को एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के मामले में आरोपी युवक का नाम चार्जशीट से हटाने के बदले दरोगा ने 50 हजार रुपये की मांग की थी.

चंदौली के अलीनगर मुगलचक निवासी प्रहलाद गुप्ता का अपनी पत्नी ममता गुप्ता से विवाद चल रहा है। पत्नी की ओर से दर्ज कई मामलों की विवेचना काशी विद्यापीठ चौकी प्रभारी शिवाकर मिश्रा को सौंपी गई थी. आरोप है कि विवेचक ने मुकदमा खत्म करने और नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगी और पैसे न देने पर धारा बढ़ाकर जेल भेजने की धमकी दी.
पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की.बुधवार को इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में टीम काशी विद्यापीठ चौकी पहुंची. दरोगा ने पैसे सिपाही को देने को कहा जैसे ही शिकायतकर्ता ने 20 हजार रुपये सिपाही को दिए, एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया.सिपाही भागने की कोशिश में बैरक में घुस गया, लेकिन बाद में नोट बरामद कर लिए गए.
शाम करीब 6 बजे दरोगा शिवाकर मिश्रा और सिपाही गौरव को गिरफ्तार कर लालपुर पांडेयपुर थाने ले जाया गया.एंटी करप्शन इंस्पेक्टर नीरज कुमार की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.
ALSO READ : गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की प्राथमिकता: अपर निदेशक
दरोगा शिवाकर मिश्रा की भर्ती वर्ष 2019 में हुई थी और वह बस्ती का रहने वाला है. सिपाही गौरव की भर्ती 2020 में हुई थी, वह गोरखपुर का निवासी है.दरोगा शिवाकर मिश्रा पहले भी अपनी कार्यशैली को लेकर विवादों में रह चुका है और कई बार लाइन हाजिर व निलंबित हो चुका है.



