वाराणसी पुलिस कमिश्नर से मिले 2025 बैच के 21 IPS प्रोबेशनर्स, आधुनिक पुलिसिंग और नेतृत्व के दिए गुर...

वाराणसी. स्टडी-कम-कल्चरल टूर के अंतर्गत आयोजित बेसिक कोर्स ट्रेनिंग के दौरान 2025 बैच (IPS-78RR) के 21 प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अपने प्रशासनिक और फील्ड अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षु अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, नेतृत्व क्षमता, जनसरोकार और निष्पक्ष कानून-व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि "प्रशिक्षण सेवा जीवन का स्वर्णिम काल होता है। इसी अवधि में आत्मबल, साहस, अनुशासन, संवेदनशीलता और ज्ञान की मजबूत नींव रखी जाती है, जो एक उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी के व्यक्तित्व का आधार बनती है

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट वाराणसी की प्रशासनिक संरचना और तकनीक आधारित पुलिसिंग मॉडल से परिचित कराया। इस दौरान डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम, अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
संवाद के दौरान पुलिस आयुक्त ने वाराणसी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक शहर में श्रावण मास, देव दीपावली और महाकुंभ जैसे विशाल आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन के अनुभव साझा किए। साथ ही साइबर अपराधों से निपटने के लिए अधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनने और अपराधियों से एक कदम आगे सोचने की सलाह दी।
उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, सत्यनिष्ठा और जनविश्वास को एक आदर्श पुलिस अधिकारी की पहचान बताते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
ALSO READ : उत्तराखंड के 40 शिक्षकों ने बीएचयू का किया शैक्षिक भ्रमण, शिक्षा-शोध और मालवीय जी के आदर्शों से हुए रूबरू
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ सामूहिक भोजन किया तथा उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती नीतू, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



