पूंजीपतियों की सरकार, छोटे व्यापारियों पर मार, सपा सांसद राजीव राय का भाजपा पर हमला

वाराणसी: समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश की ओर से वाराणसी के पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित पीडीए व्यापारी मंडलीय सम्मेलन में व्यपारी नेताओं ने हुंकार भरी. सम्मेलन में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के 2 हजार से अधिक व्यापारियों एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. प्रतिनिधियों ने छोटे व्यापारियों की समस्याओं पर भाजपा को घेरा.
सम्मेलन के मुख्य अतिथि घोसी सांसद राजीव राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां बड़े पूंजीपतियों के पक्ष में हैं और फुटकर दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी, गुमटी तथा छोटे व्यापारियों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के लिए सुविधाओं और सुरक्षित वातावरण की जरूरत है. समाजवादी पार्टी व्यापारियों के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी.

व्यापारियों के हितों को लेकर सपा का दावा
समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से छोटे दुकानदारों और पारंपरिक व्यापारियों के सामने चुनौतियां बढ़ रही हैं. वहीं, प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकारों ने व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज और चुंगी जैसी व्यवस्थाओं से राहत देने के लिए काम किया था.
ALSO READ : आईएमएस बीएचयू में 31 अक्टूबर से रिकॉन 2026 का आगाज, देशभर के रेडियोलॉजी विशेषज्ञ होंगे शामिल
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संकल्प
सम्मेलन में वक्ताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया. साथ ही व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता पारस नाथ जायसवाल ने की और संचालन भारत भूषण यादव ने किया. सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे सहित प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.



