काशी में सजेगी फूलों की महा प्रदर्शनी, फरवरी के पहले पखवाड़े में होगा भव्य आयोजन...

वाराणसी : काशी में अगले वर्ष फरवरी के पहले पखवाड़े में मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बार प्रदर्शनी को अब तक का सबसे भव्य और आकर्षक आयोजन बनाने की तैयारी है। इसके लिए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के लगभग 25 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले मैदान को प्रस्तावित किया गया है।
इस बार प्रदर्शनी की खास पहचान होगी फूलों के माध्यम से काशी का महात्म्य और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन। विभिन्न थीमों के जरिए काशी की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को पुष्प सज्जा के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने तैयारियों की संभाली कमान
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदर्शनी की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के साथ स्थानीय किसानों, बागवानों एवं पुष्प उत्पादकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर दिया जाए।
प्रदर्शनी में ये रहेगा खास
🔸 शाकभाजी, फल और फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी।
🔸 औषधीय एवं सुगंधित पौधों की विशेष प्रदर्शनी।
🔸 काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित पुष्प सज्जा।
🔸 उन्नत कृषि तकनीकों और नई प्रजातियों का प्रदर्शन।
🔸 स्थानीय किसानों, स्वयं सहायता समूहों और नर्सरी संचालकों की भागीदारी।
🔸 विभिन्न विभागों के विशेष स्टॉल।
🔸 उत्कृष्ट उत्पादों और प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार।
किसानों और बागवानों को मिलेगा बड़ा मंच
मंडलायुक्त ने उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक स्थानीय किसानों, कृषकों, स्वयं सहायता समूहों, नर्सरी संचालकों और पुष्प उत्पादकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य स्थानीय कृषि उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ आधुनिक खेती और बागवानी को प्रोत्साहित करना है।
ALSO READ : हीमैटोकान 2026: आइएमएस बीएचयू के पूर्व निदेशक को मिला लाईफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड...
प्रशासन के सामने व्यवस्थाओं की चुनौती
प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, पार्किंग और प्रचार-प्रसार की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



