वाराणसी में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मजदूर की पत्नी की मौत, पुलिस अनभिज्ञ...

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी पुलिस चौकी अंतर्गत मीरापुर बसही चौराहे के पास एक निर्माणाधीन मकान के दूसरे तल पर लोहे का सरिया रखते समय हाई टेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से मजदूर की 50 वर्षीय पत्नी गोदावरी की मौत हो गई. शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे यह हादसा हुआ. घटना की जानकारी से पुलिस ने अनभिज्ञता जताई है.
बताते हैं कि कान्तू गौड़ अपने मकान के दूसरे तल का निर्माण करवा रहे थे. राजगीर मिस्त्री कैलाश (मूल निवासी रायपुर, छत्तीसगढ़) नीचे सड़क पर खड़े होकर लोहे का सरिया ऊपर पहुंचा रहे थे. उनकी पत्नी गोदावरी छत पर खड़ी सरिया ले रही थी. इसी दौरान मकान के पास से गुजर रहे हाई टेंशन तार से सरिया छू गया, जिससे गोदावरी गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को अपने साथ लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए रायपुर (छत्तीसगढ़) रवाना हो गए. मृतका के किराए के मकान (अशोक पुरम कालोनी, मीरापुर बसही) पर जानकारी लेने पर यही पता चला.
ALSO READ : अगले माह से शुरू होगा आनंद काशी टाउनशिप का पंजीकरण, पहले चरण में 150 एकड़ में होगा विकास...
सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित
इसी दिन विद्युत विभाग ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत उपकेंद्र पन्नालाल पार्क पर सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया. नगरीय विद्युत वितरण उपखंड प्रथम, वरुणा पुल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी विद्युत उपकेंद्रों के कुशल व अकुशल संविदा कर्मियों ने इसमें भाग लिया. अधिशासी अभियंता भारत भूषण राय ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य है. बिना सुरक्षा उपकरणों के काम न करें. उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया और डिपावर सिस्टम, लाइन पर कार्य शुरू करने से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की जानकारी दी.



