अगले माह से शुरू होगा आनंद काशी टाउनशिप का पंजीकरण, पहले चरण में 150 एकड़ में होगा विकास...

वाराणसी : कल्लीपुर में विकसित की जा रही आनंद काशी टाउनशिप का पंजीकरण अगले माह से शुरू करने की तैयारी है. शुक्रवार को वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता के मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने दिसंबर तक बुनियादी ढांचा तैयार करने का लक्ष्य भी तय किया.
परियोजना के पहले चरण में करीब 150 एकड़ क्षेत्र में विकास कार्य किए जाएंगे. यहां 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी सड़कों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है. साथ ही पेयजल, सीवरेज, बिजली, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ग्रीन बेल्ट सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. योजना के तहत न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा.

आनंद काशी टाउनशिप का कुल क्षेत्रफल लगभग 9 हेक्टेयर है. पहले चरण में 2000 से अधिक आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे. 24 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क के किनारे व्यावसायिक प्लॉट भी बनाए जाएंगे. इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग, होटल, अस्पताल और विद्यालयों के लिए भी भूमि आरक्षित की गई है. योजना में 128 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर तक के विभिन्न आकार के प्लॉट उपलब्ध होंगे.
ALSO READ : ई-बस डिपो के लिए आयर व अखरी में बनेगी जमीन, टेंडर जल्द...
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य विभिन्न आय वर्ग के लोगों को उचित एवं किफायती दरों पर विकसित प्लॉट उपलब्ध कराना है. निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि तय समय में परियोजना को पूरा कर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जा सके.



