ई-बस डिपो के लिए आयर व अखरी में बनेगी जमीन, टेंडर जल्द...

वाराणसी : शहर में इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते संचालन को देखते हुए ट्रांसपोर्टनगर और बीएचयू क्षेत्र में ई-बस डिपो निर्माण की तैयारी तेज हो गई है. इसके लिए आयर और अखरी में जमीन चिह्नित की गई है. दोनों स्थानों पर डिपो निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
वाराणसी में वर्तमान में 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है, जबकि केंद्र सरकार की योजना के तहत 250 नई ई-बसों के संचालन की तैयारी है. इसके लिए पर्याप्त पार्किंग, चार्जिंग और रखरखाव की व्यवस्था जरूरी है। इसी उद्देश्य से आयर में 1.12 एकड़ तथा अखरी में 1.08 एकड़ भूमि आवंटित की गई है.
आयर स्थित भूमि नगर निगम से और अखरी की भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग-2 के पास उपलब्ध कराई गई है. दोनों स्थानों पर आधुनिक डिपो बनाए जाएंगे, जहां बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन, मेंटेनेंस सेंटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
ALSO READ : भदैनी का बड़ा पंप जाम, शहर की पेयजल आपूर्ति पर मंडराया संकट...
क्षेत्रीय प्रबंधक (बीसीटीएसएल) अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि आयर और अखरी में डिपो निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. डिपो बनने के बाद नई ई-बसों का संचालन आसान होगा और शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इससे कैंट रेलवे स्टेशन, बीएचयू, एयरपोर्ट और शहर के प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.



