सारनाथ स्टेशन पर तेज धमाके ने खोली युवक की पोल, तैयारी जानकर हो जाएंगे हैरान

वाराणसी- सारनाथ रेलवे स्टेशन पर बुधवार की शाम अचानक तेज आवाज के साथ हुए धमाके से यात्रियों में हडकंप मच गया. घटना की सूचना के बाद जीआरपी, आरपीएफ, वरुणा जोन की पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और खुफिया टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान जो पता चला उससे हर लोग हैरान रह गए. यह धमाका किसी विस्फोटक या आतिशबाजी से नहीं, बल्कि पानी की एक बोतल के फटने से हुआ था. जिस बैग में यह बोतल रखा था, वह एक युवक का था, जिसे को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की.

पानी में सल्फाॅस की गोली
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने पानी में सल्फॉस (कीटनाशक) की गोलियां मिलाई थीं. रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण गैस बनने लगी और प्रेसर बढ़ने से बोतल तेज आवाज के साथ फट गया. जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई. पूछताछ में युवक की पहचान बिहार के पटना निवासी राजू कुमार के रूप में हुई, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है. युवक ने पुलिस को बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन उसके परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है. इससे वह मानसिक रूप से परेशान था.

परीक्षा देने आया बनारस आया था युवक
युवक वाराणसी ऑनलाइन परीक्षा देने आया था और उसी दौरान उसने प्रेमिका से आखिरी बार बात करने के बाद आत्महत्या करने के लिए व्यूह रचा. इसके लिए उसने सल्फॉस की गोलियां खरीदीं और सारनाथ स्टेशन पहुंचकर उन्हें एक लीटर पानी की बोतल में मिला दिया. इसी दौरान गैस बनने से बोतल अचानक फट गई और धमाके जैसी आवाज हुई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बैग और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की.

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने भी जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि युवक से पूछताछ की गई है. वह पटना का रहने वाला है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है. सल्फॉस और पानी के मिश्रण से गैस बनने के कारण बोतल फटी थी. पूछताछ के बाद हिदायत देकर उसे छोड दिया गया.



