काशी विद्यापीठ के पुरातन छात्र ने रचा इतिहास, डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह बने प्रोफेसर

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह को पदोन्नति के बाद प्रोफेसर बनाया गया है। सोमवार को उनकी इस उपलब्धि पर संस्थान में हर्ष का माहौल रहा। डॉ. सिंह इसी संस्थान के पुरातन छात्र भी हैं। उन्होंने यहां से स्नातकोत्तर और पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त की है।
डॉ. सिंह ने अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत इसी संस्थान में विद्यार्थी के रूप में की थी। अपनी लगन, अनुशासन और शोध के प्रति निष्ठा के बल पर उन्होंने पहले एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दीं और अब प्रोफेसर पद पर पदोन्नति प्राप्त की है। जनसंचार एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके कई शोध पत्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने कई शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है और राष्ट्रीय संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं में संस्थान का प्रतिनिधित्व किया है।
Also Read:- ग्रीन साइकोलॉजी से समग्र विकास तक, काशी विद्यापीठ में विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र
इस अवसर पर डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान उनका घर है। यहां विद्यार्थी के रूप में जो सीखा, उसे शिक्षक के रूप में लौटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि मूल्य आधारित शिक्षा देना उनका उद्देश्य है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह वर्तमान में महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी और मुख्य गृहपति का दायित्व भी निभा रहे हैं।



