ग्रीन साइकोलॉजी से समग्र विकास तक, काशी विद्यापीठ में विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को लेकर आयोजित नौ दिवसीय शॉर्ट टर्म कोर्स एवं कार्यशाला में विशेषज्ञों ने जीवन में मानसिक खुशहाली, आध्यात्मिक चेतना, प्रकृति के साथ जुड़ाव और बौद्धिक संपदा के संरक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। पीएम-ऊषा के अंतर्गत विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की ओर से आयोजित 'पर्सनैलिटी डेवलपमेंट: एन इंटीग्रल एंड हॉलिस्टिक अप्रोच' कार्यक्रम के चौथे दिन सोमवार को ग्रीन साइकोलॉजी, वेल-बीइंग एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में झारखंड सरकार के हायर एंड टेक्निकल इंस्टीट्यूट, रांची के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. रंजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने ग्रीन साइकोलॉजी के संदर्भ में वेल-बीइंग की अवधारणा को समझाते हुए कहा कि व्यक्ति का वास्तविक कल्याण केवल आर्थिक समृद्धि और भौतिक उपलब्धियों से निर्धारित नहीं होता, बल्कि मानसिक शांति, आध्यात्मिक चेतना और प्रकृति के साथ संतुलित संबंध भी खुशहाल जीवन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने हैप्पीनेस, स्पिरिचुअलिटी और समग्र कल्याण के आपसी संबंधों पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. सिंह ने कहा कि प्रकृति के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और जीवन में संतुलन बनाए रखना व्यक्ति के मानसिक एवं भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और व्यक्तिगत विकास के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को भी समझने के लिए प्रेरित किया।

तकनीकी ज्ञान और प्रबंधन कौशल भी व्यक्तित्व विकास के आधार
व्याख्यान के दौरान प्रो. रंजीत कुमार सिंह ने प्रबंधन, प्रौद्योगिकी और समग्र विकास के बीच संबंधों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश में विद्यार्थियों के लिए नवीन तकनीकी ज्ञान के साथ प्रभावी प्रबंधन कौशल विकसित करना जरूरी है। इन क्षमताओं के माध्यम से युवा भविष्य की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकते हैं। उन्होंने व्यक्तित्व विकास को केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए जीवन के विभिन्न आयामों से जोड़ने पर जोर दिया।
Also Read:- 26 नवंबर को लखनऊ में संकल्प महारैली, 10 लाख लोगों के जुटने का दावा
मौलिक रचनाओं और शोध कार्यों के संरक्षण की दी जानकारी
कार्यक्रम के तृतीय सत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रो. राजू मांझी ने बौद्धिक संपदा अधिकार (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स) विषय पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कॉपीराइट, पेटेंट और बौद्धिक संपदा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से व्याख्या की।
प्रो. मांझी ने बताया कि मौलिक रचनाओं, शोध कार्यों और नवाचारों का संरक्षण क्यों आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अपने रचनात्मक एवं शोध संबंधी कार्यों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी व्यवस्थाओं की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका प्रो. मांझी ने विस्तार से समाधान किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. प्रतिभा सिंह ने किया। आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. रमाकांत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुकेश पांडेय एवं डॉ. अभिषेक मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रो. रश्मि सिंह, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. पूर्णिमा श्रीवास्तव, डॉ. दीपमाला सिंह बघेल, डॉ. कंचन शुक्ला सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



