26 नवंबर को लखनऊ में संकल्प महारैली, 10 लाख लोगों के जुटने का दावा

वाराणसी। काशी प्रेस क्लब, पड़ावकर स्मृति भवन में सोमवार को नेशनल भीम आर्मी के चीफ लोकेश कटारिया ने अपने साथियों के साथ प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर पार्क में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में संकल्प महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें 10 लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया गया है।
कटारिया ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका शेष जीवन भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी के लिए समर्पित है। प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का गठबंधन मजबूत विकल्प बन सकता है।
उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती को अपना आदर्श नेता बताते हुए उनसे अपील की कि आकाश आनंद के पीछे समय व्यर्थ करने के बजाय चंद्रशेखर आजाद को अपना उत्तराधिकारी घोषित करें। कटारिया ने यह भी घोषणा की कि नेशनल भीम आर्मी बहुजन एकता मिशन सामाजिक संगठन का भीम आर्मी भारत एकता मिशन में विलय किया जाएगा। यह विलय लखनऊ में आयोजित संकल्प महारैली के दौरान किया जाएगा।



