दीपों की रोशनी से निखरेगा गंगा पार, 700 शिक्षकों के हाथों सजेगी काशी

वाराणसी। देव दीपावली की भव्यता इस बार गंगा के दोनों किनारों पर दिखाई देगी। गंगा उस पार नमो घाट से अस्सी घाट तक दीपों से सजावट की तैयारियां चल रही हैं। इसकी जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को सौंपी गई है। करीब 600 से 700 शिक्षक सात सेक्टरों में रहकर घाटों को रोशन करेंगे। पूरे क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में 33 से 35 पोल लगाए गए हैं। इन पोलों के सहारे 100 मीटर तक दीपों की कतार सजाई जाएगी। दीपों को इस तरह लगाया जाएगा कि रोशनी से चौकोर आकृतियां उभरें।
इस बार दीपों की सजावट के साथ रंगोली भी आकर्षण का केंद्र होगी। प्रत्येक सेक्टर में शिक्षिकाएं आकर्षक रंगोली बनाएंगी। इसके लिए घाटों पर स्थान चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। दो दिन पहले से ही तैयारियां चल रही हैं। पहले घाटों की सफाई कराई गई, इसके बाद बांस और बल्लियां लगाने का काम किया गया। सोमवार को दीप रखने के स्थानों की मार्किंग की जा रही है। मंगलवार को शिक्षक अपनी टीमों के साथ पहुंचकर निर्धारित स्थानों पर दीप सजाएंगे।

इस आयोजन में बेसिक शिक्षा विभाग के साथ जिला प्रशासन, डीपीआरओ विभाग और खंड विकास अधिकारियों से जुड़े सफाईकर्मी भी सहयोग कर रहे हैं। शिक्षकों की टीमें अलग-अलग सेक्टरों में तैनात रहेंगी। शाम होते ही गंगा उस पार दीपों की कतारें और रंगोली की आकर्षक आकृतियां जगमगाएंगी। गंगा के इस पार से दिखाई देने वाली दीपों की रोशनी देव दीपावली की भव्यता को और खास बनाएगी।



