BHU में स्थापित हुआ पांडुलिपि संरक्षण केंद्र, संग्रह में शामिल हुई 558 साल पुरानी वाजसनेय संहिता

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संस्कृतविद्या धर्मविज्ञान संकाय में दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए विशेष केंद्र स्थापित किया गया है। संकाय के ग्रंथागार में संरक्षित करीब 243 प्राचीन पांडुलिपियों को व्यवस्थित कर सुरक्षित रखने की पहल की गई है। इन पांडुलिपियों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से संरक्षित और डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराने की भी योजना है। इस संग्रह को ‘सारस्वतम्’ नाम दिया गया है।
संकाय के ग्रंथागार में संरक्षित इन पांडुलिपियों में व्याकरण, संस्कृत साहित्य, ज्योतिष, न्याय दर्शन, धर्मशास्त्र, वैदिक साहित्य, कर्मकांड, मीमांसा, वेदांत, पुराण, आयुर्वेद और आगम शास्त्र सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री मौजूद है। इनमें सबसे अधिक 72 पांडुलिपियां न्याय दर्शन की हैं। इसके अलावा कर्मकांड की 36, धर्मशास्त्र और वैदिक साहित्य की 28-28 तथा व्याकरण की 23 पांडुलिपियां शामिल हैं। ज्यादातर पांडुलिपियां देवनागरी लिपि में हैं, जबकि कुछ बांग्ला लिपि में भी लिखी गई हैं।
558 साल पुरानी पांडुलिपि है खास
इस संग्रह की सबसे महत्वपूर्ण धरोहरों में काशी के अग्नीश्वर घाट पर संवत 1525 में लिखी गई वाजसनेय संहिता का क्रमपाठ शामिल है। यह पांडुलिपि करीब 558 वर्ष पुरानी बताई जा रही है। प्राचीन भारतीय ज्ञान, वैदिक परंपरा और शास्त्रीय अध्ययन की दृष्टि से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांच की अलमारियों में रखी गईं पांडुलिपियां
संकाय की नीति निर्धारण समिति के निर्णय के बाद इन पांडुलिपियों को व्यवस्थित करने का काम शुरू किया गया। इसके तहत उनकी गणना, साफ-सफाई, विषयवार वर्गीकरण, सूचीकरण और नई वेष्टनी तैयार करने का कार्य पूरा किया गया। पहले कई पांडुलिपियों को एक ही वेष्टन में बांधकर रखा गया था, लेकिन अब उन्हें अलग-अलग वेष्टनों में शीर्षक के साथ सुरक्षित किया गया है। केंद्रीय पुस्तकालय के सहयोग से विशेष प्रकार के कागज और दफ्ती का इस्तेमाल किया गया है, ताकि पांडुलिपियों को नमी और अन्य कारणों से होने वाली क्षति से बचाया जा सके।
इन दुर्लभ धरोहरों को सुरक्षित रखने के साथ शोधार्थियों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ‘सारस्वतम्’ नाम से एक अलग कक्ष भी तैयार किया गया है। यहां कांच की अलमारियों में सभी पांडुलिपियों को क्रमवार रखा गया है, जिससे शिक्षक, विद्यार्थी और शोधकर्ता इस ज्ञान भंडार का लाभ उठा सकें।
डिजिटल रूप में भी सुरक्षित होगा प्राचीन ज्ञान
संकाय की ओर से कुछ पांडुलिपियों का पहले ही डिजिटलीकरण कराया जा चुका है। अब शेष सभी पांडुलिपियों को भी अत्याधुनिक तकनीक की मदद से डिजिटल स्वरूप में संरक्षित करने की योजना है। इसके साथ ही विभिन्न स्रोतों से नई पांडुलिपियां संग्रहित करने और महत्वपूर्ण पांडुलिपियों का संपादन एवं प्रकाशन कराने की भी तैयारी है। संकाय का उद्देश्य ‘सारस्वतम्’ को बीएचयू के एक प्रतिष्ठित शोध एवं पांडुलिपि संरक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।



