देव दीपावली को लेकर काशी विश्वनाथ धाम में तैयारियां तेज, फूलों से सजेगा मंदिर परिसर

वाराणसी: देव दीपावली के भव्य आयोजन को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. पर्व को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. धाम के मंदिर परिसर से लेकर विभिन्न भवनों तक विद्युत झालरों, पारंपरिक दीपों और रंग-बिरंगी पुष्पमालाओं से सजावट की जा रही है. देव दीपावली के अवसर पर बाबा के धाम में रोशनी और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो
मंदिर प्रशासन की ओर से पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. सुगम दर्शन, सुव्यवस्थित आवागमन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
देव दीपावली पर काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
देव दीपावली पर काशी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना रहती है. ऐसे में श्री काशी विश्वनाथ धाम को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले लोगों को भव्यता के साथ आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति हो सके, मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि देव दीपावली के पावन अवसर पर बाबा के धाम में आने वाले हर श्रद्धालु को दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो.

Also Read: होटल के सामने सड़क पर वाहनों की पार्किंग से जाम, संचालक के खिलाफ FIR दर्ज



