प्रो. जयशंकर लाल त्रिपाठी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, संस्कृत साहित्य में योगदान को किया याद

वाराणसी। श्री गौरीशंकर गोयनका इंडोमेंट ट्रस्ट एवं ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री जो. म. गोयनका संस्कृत महाविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. जयशंकर लाल त्रिपाठी के आकस्मिक निधन पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता प्रो. बाल शास्त्री ने की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रो. त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हर्षवर्धन मिश्र ने प्रो. त्रिपाठी की रचनाओं, विद्वता और संस्कृत साहित्य में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनके दिखाए मार्ग और आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वहीं, प्रो. बाल शास्त्री ने कहा कि उन्हें वर्ष 1971 से प्रो. त्रिपाठी का सानिध्य प्राप्त हो रहा था। उनकी विद्वता और व्याख्या शैली अद्वितीय थी। ग्रंथों पर उनकी टीकाएं केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विषय की संपूर्ण व्याख्या प्रस्तुत करती थीं।
सभा में श्री गौरीशंकर गोयनका, श्रीनिवास देव, श्रीमती अर्चना द्विवेदी और डॉ. अनुज त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने प्रो. त्रिपाठी के निधन को शिक्षा एवं संस्कृत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।



