कृतिका नक्षत्र में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष संयोग, गंगा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु

वाराणसी: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धर्मनगरी काशी में सुबह से ही आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. बीते सोमवार की रात 10 बजकर 58 मिनट से कार्तिक पूर्णिमा तिथि की शुरुआत हुई, जो मंगलवार रात 9 बजकर 7 मिनट तक रहेगी. कृतिका नक्षत्र में दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है. वहीं, काशी के पंचगंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान, दान और दीपदान की विशेष परंपरा है.

गंगा स्नान और दान करने से विशेष पुण्य
मान्यता है कि यहां स्नान और दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है. इसी आस्था के साथ भोर से ही गंगा के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी, लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. पंचगंगा, दशाश्वमेध, अस्सी और राजघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. काशी की गलियों से लेकर गंगा तट तक भक्तिमय माहौल बना रहा.
![]()
गंगा घाटों पर श्रद्धालु दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को विशेष फलदायी माना गया है. श्रद्धालु सुबह पवित्र नदियों में स्नान कर भगवान विष्णु की आराधना करेंगे. इसके बाद दीपदान, अर्घ्य, तर्पण और दान-पुण्य की परंपरा निभाई जाएगी. मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक किए गए धार्मिक कार्यों से पुण्य की प्राप्ति होती है. गंगा घाटों पर श्रद्धालु दीप जलाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे.
Also Read: कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में उमड़ा जनसैलाब, गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़



