देव दीपावली पर काशी में उमड़ेगा देश-दुनिया का जनसैलाब, योगी और केंद्रीय पर्यटन मंत्री की मौजूदगी में सजेगी गंगा की अंजुरी
वाराणसी। गंगा के घाटों पर दीपों की कतारें, आसमान में रोशनी का अद्भुत नजारा और काशी की गलियों में देश-विदेश से पहुंचे मेहमानों की चहल-पहल। देव दीपावली पर मंगलवार को वाराणसी एक बार फिर अपनी भव्यता और सांस्कृतिक विरासत का साक्षी बनेगी। इस बार आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की भी मौजूदगी रहेगी।
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने पर्व को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अनुमान है कि इस बार देव दीपावली देखने के लिए देश-विदेश से करीब 15 लाख पर्यटक काशी पहुंचेंगे। शहर के 88 पक्के घाटों के साथ गंगा पार रेती और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीपोत्सव की छटा बिखरेगी। घाटों से लेकर कुंडों तक रोशनी का ऐसा विस्तार होगा कि पूरी काशी दीपों की नगरी में तब्दील नजर आएगी।

इस बार दीपोत्सव का विस्तार घाटों तक ही सीमित नहीं रहेगा। शहर के 103 कुंडों पर भी 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेती पर रात आठ बजे ड्रोन शो आयोजित होगा। इसमें आसमान में काशी विश्वनाथ मंदिर, शिव तांडव और मां गंगा की आकृतियां उकेरी जाएंगी। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने 10 मिनट की प्रदूषण रहित ग्रीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र बनेगी। चेत सिंह घाट से करीब 25 मिनट तक लेजर शो के जरिए भी दर्शकों को रोशनी का अनूठा नजारा देखने को मिलेगा।
Also Read:- मुलायम सिंह यादव की जयंती पर निकाली गई परिवर्तन यात्रा, सपा विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
दस साल में पांच गुना बढ़ा पर्यटकों का आंकड़ा
देव दीपावली अब केवल काशी का पारंपरिक धार्मिक आयोजन नहीं रह गई है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के बड़े आकर्षण के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। पर्यटन विभाग के पिछले एक दशक के आंकड़े इसकी लोकप्रियता में आए बदलाव को दिखाते हैं। वर्ष 2016 से 2019 के बीच हर साल औसतन 2.5 से चार लाख बाहरी पर्यटक काशी पहुंचते थे। कोरोना काल में वर्ष 2020 में यह संख्या एक लाख से नीचे चली गई, लेकिन 2021 में करीब 3.5 लाख पर्यटकों ने फिर से काशी का रुख किया।

इसके बाद आयोजन का आकर्षण लगातार बढ़ता गया। वर्ष 2022 में छह से सात लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि 2023 में 70 देशों के राजनयिकों की मौजूदगी के बीच पांच से आठ लाख बाहरी पर्यटक आए। वर्ष 2024 में यह संख्या करीब 10 लाख रही और 2025 में 10 से 12 लाख पर्यटकों ने देव दीपावली देखी। इस बार करीब 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। यानी एक दशक में पर्यटकों की संख्या लगभग पांच गुना तक बढ़ने की उम्मीद है।
काशी की देव दीपावली की खासियत यही है कि यहां आध्यात्मिक आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक एक साथ दिखाई देती हैं। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते लाखों दीप, घाटों पर होने वाली आरती और आसमान में बनती रोशनी की आकृतियां इस आयोजन को दुनिया भर के पर्यटकों के लिए यादगार बनाती हैं।


