गंगा नदी में स्नान कर रहा युवक गहरे पानी में डूबा, NDRF के जवानों ने बचाई जान
वाराणसी: दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मीर घाट पर बीते मंगलवार को एनडीआरएफ के जांबाजों ने महज कुछ ही पलों में रोमांचक बचाव में बदल दिया. गंगा के पवित्र जल में स्नान कर रहा भदोही जिले का 18 वर्षीय एक युवक अचानक असंतुलित होकर गहरे पानी में बहने लगा और डूबने की कगार पर पहुंच गया. घटना के समय मीर घाट पर 24 घंटे की पिकेट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ के जवानों ने देरी न करते हुए गंगा में छलांग लगा दी और डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई.

एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में बल की टीमें इन दिनों गंगा घाटों पर लगातार गश्त कर रही हैं. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और स्नान-पूजन के दौरान होने वाली छोटी-मोटी असावधानियों को देखते हुए एनडीआरएफ के जवान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहते हैं.

श्रद्धालुओं ने की NDRF टीम की तारीफ
इस साहसिक बचाव कार्य को देखकर आसपास मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एनडीआरएफ टीम की जमकर वाहवाही की. कई लोगों ने कहा, “एनडीआरएफ के जवान वाकई हमारे जीवन रक्षक हैं. उनका साहस और तत्परता देखकर गर्व होता है.” वाराणसी में इन दिनों मां गंगा के तट पर पुण्य स्नान करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

ऐसे में एनडीआरएफ की यह त्वरित और पेशेवर प्रतिक्रिया एक बार फिर साबित करती है कि आस्था के इस पावन शहर में सुरक्षा के हर पहलू पर पूरी नजर रखी जा रही है. एनडीआरएफ ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें, गहरे पानी से दूर रहें और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत आसपास मौजूद बचाव दल को सूचित करें.


