वाराणसी में गौतमबुद्ध इको पार्क के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत, 12.49 करोड़ जारी

वाराणसी: हरहुआ स्थित उंदी ताल में प्रस्तावित गौतमबुद्ध इको पार्क (सिटी फारेस्ट) का सुंदरीकरण कराने के लिए शासन ने 24.99 करोड़ रुपये स्वीकृत करते हुए 12.49 करोड़ रुपये वाराणसी विकास प्राधिकरण को जारी कर दिया है. विकास प्राधिकरण के भेजे गए प्रारंभिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) का फिर से मूल्यांकन करना शुरू कर दिया है जिससे योजना पूर्ण करने में कोई कमी नहीं रह जाए. इको पार्क की कनेक्टिविटी सारनाथ से बनी रहे, इसको लेकर प्राधिकरण का अधिक फोकस है. उंदी ताल पर वीडीए ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में काम कर रहा है. अपने अवस्थाना निधि से काफी हद तक काम भी करा चुका है. यहां पर्यटकों की सुविधा, हरियाली और जल संचयन पर ज्यादा जोर है.

मशक्कत के बाद मिला था कब्जा
उंदी ताल पर आसपास के लोगों का कब्जा था. जिला प्रशासन से उंदी ताल और आसपास की 78.5 एकड़ जमीन लेने के साथ वीडीए ने काफी मशक्कत कर कब्जा लिया था. वीडीए ने 3.20 करोड़ से उंदी ताल का लोहे की जाली से घेराबंदी की है. इसके अलावा अन्य काम भी कराया है. पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और बजट नहीं होने पर वीडीए प्रशासन ने तत्कालीन मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल के समक्ष समस्या रखी थी. उन्होंने पर्यटन विभाग से उंदी ताल का सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया. वीडीए ने दिल्ली की एजेंसी आधार शिला से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाकर शासन को भेजा. पर्यटन विभाग ने सहमति जताते हुए 24.95 करोड़ रुपये पर मुहर लगा दी.

सारनाथ से जोडने की तैयारी
वीडीए बजट आने का इंतजार करी रहा था कि पर्यटन विभाग ने यूपीपीसीएल को काम दे दिया है. इस पर वीडीए ने काम कराने से साफ मना कर दिया था. अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल सारनाथ से उंदी ताल को जोड़ने की तैयारी है. यदि कोई पर्यटक सारनाथ आता है तो उंदी ताल जाए, वहां कोई पर्यटक आता है तो सारनाथ आए. इसको लेकर भी डीपीआर बनाया गया है. उंदी ताल पर्यटन हब होने के साथ लोगों को रोजगार मिलेगा.

यह भी पढ़ें: होली ऑफर ने कईयों को बनाया कंगाल, बैंक खाते से गायब हुए रकम
यह होगी सुविधाएं
मुख्य प्रवेश द्वार पर गार्ड हाऊस, शौचालय, दो व चार पहिया और बस पार्किंग, टिकट घर, रेंटल साइकिल क्षेत्र तथा गोल्फ काेर्ट क्षेत्र विकसित होगा.
बोटिंग क्षेत्र के अंतर्गत बोटिंग लेक व क्लब हाऊस (टिकट घर एवं पब्लिक यूटिलिटि के साथ). ईको पार्क में साइकिल व पेडेसट्रीयन ट्रैक, चिल्ड्रेन प्ले एरिया, ओपेन जिम.
बुद्धा थीम पार्क में 4.37 एकड़ भूमि पर बाैद्ध दर्शन पर आधारित लैंडस्केप के साथ औषधीय पौधे युक्त बोटेनिकल गार्डन, ध्यान स्थल एवं तालाब आदि.
वेलनेस सेंटर एवं केंपिंग जोन में भूमि पर वेलनेस सेंटर एवं कैंपिंग जोन.
ईको-जोन में जलाशयों एवं वेट लैंड के संरक्षण, जैव विविधता, जोन में साइकिल व पैदल ट्रैक (पथ), प्राकृतिक अपशिष्ट जल शुद्धिकरण प्रणाली, ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण प्रणाली, सौर ऊर्जा आधारित विद्युत उत्पादन, बर्ड सेंचुरी, वाच टावर, जेट्टी, वनीकरण आदि.
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बांस के पुल और रास्ते बनाए जाएंगे.
उंदी ताल में गौतमबुद्ध इको पार्क के लिए भेजे गए 24.99 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर शासन ने 12.49 करोड़ रुपये विकास प्राधिकरण को जारी कर दिया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के साथ जल्द काम शुरू कराया जाएगा.
-पुर्ण बोरा, उपाध्यक्ष, वीडीए


