बैंक ऑफ बड़ौदा में लाखों रुपये की धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों ने खोली पोल

वाराणसी: विशेश्वरगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में फर्जी दस्तावेज के आधार पर आठ लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. बैंक अधिकारियों की शिकायत करने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने इस मामले पर कोई भी कार्रवाई नहीं की थी. अब न्यायालय (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-1) के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामला व्यक्तिगत कर्ज लेने से जुडा बताया जा रहा है.

नौकरी के फर्जी दस्तावेज से किया गुमराह
चंदौली के किदवई नगर निवासी संजू ने 31 जनवरी 2024 को बैंक ऑफ बड़ौदा की विशेश्वरगंज शाखा से आठ लाख रुपये का व्यक्तिगत कर्ज लिया था. बैंक के उप-क्षेत्रीय प्रबंधक आनंद लखमानी ने इस संबंध में तहरीर दी. पुलिस को बताया कि संजू ने अपनी असली पहचान छिपाई थी. उसने किसी अन्य व्यक्ति की नौकरी के फर्जी कागजात तैयार कराए. आरोपी ने संबंधित विभाग का फर्जी सत्यापन भी दिखाकर बैंक को गुमराह किया. इस तरह की साजिशों की मदद से उसने कर्ज स्वीकृत करा लिया. हैरानी इस बात की है कि, आरोपी द्वारा कर्ज की पूरी रकम निकालकर खर्च कर दी, मगर कर्ज वाली की किस्तें चुकाने में वो सफल नहीं पाया. इसलिए समय पर भुगतान न होने के कारण 10 अप्रैल को यह खाता गैर-निष्पादित परिसंपत्ति घोषित हो गया. बैंक की आंतरिक जांच और आरोपी के घर पता लगाने पर इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ. बैंक ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया और 17 जुलाई 2026 को विधिक नोटिस भी भेजा. इसके बावजूद आरोपी फरार रहा और बकाया राशि जमा नहीं की. वर्तमान में बैंक का मूलधन और ब्याज मिलाकर 7.24 लाख रुपये से अधिक बकाया है. कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर संजू के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता को सौंपी गई है.

बनारस स्मार्ट सिटी योजना में प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी
चंदौली के मुगलसराय स्थित खजूरगांव में बनारस स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 5.65 लाख की ठगी हुई. पीड़िता की तहरीर के आधार पर उन्नत इन्फ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के प्रतिनिधि रजनीश सिंह और धर्मराज सिंह के खिलाफ आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट आदिकेशव मंदिर निवासी पीड़िता सुषमा त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि एक मध्यस्थ के जरिये उनका परिचय रजनीश सिंह और धर्मराज सिंह से हुआ था. यह दोनों दौलतपुर स्थित उन्नत इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्रा.लि. के प्रतिनिधि हैं. आरोपियों ने बनारस स्मार्ट सिटी योजना के तहत चंदौली के खजूरगांव में 1000 वर्गफीट जमीन दिलाने का सौदा 10.20 लाख रुपये में तय किया. वह अपने बेटे गौतम त्रिपाठी के बैंक खाते से किस्तों में कुल 5,65,000 रुपये कंपनी के खाते में भेजे. दो वर्ष बीतने के बाद भी आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की और लगातार टालमटोल करते रहे.
धमकी मामले के खिलाफ पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
दबाव बनाने पर आरोपियों ने 16 सितंबर 2026 को 5.65 लाख रुपये का चेक दिया. यह चेक हस्ताक्षर में अंतर के कारण बैंक से वापस हो गया. शिकायत करने पर आरोपियों ने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि रजनीश सिंह और धर्मराज सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार पांडेय को सौंपी गई है.

Also Read: बरेका में तेज रफ्तार बनी काल, डिवाइडर से टकराकर स्कूटी सवार किशोर की मौत



