बरेका में तेज रफ्तार बनी काल, डिवाइडर से टकराकर स्कूटी सवार किशोर की मौत

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग और डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार किशोर को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर
चितईपुर थाना क्षेत्र के 11 कैलाशपुरी कॉलोनी (नेवादा, सुंदरपुर) निवासी अभिषेक त्रिपाठी का पुत्र अंजनेय त्रिपाठी (13) मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे स्कूटी लेकर निकला था. वह बरेका के मुख्य गेट से करीब 300 मीटर अंदर परिसर में पहुंचा था, तभी उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई. इसके बाद स्कूटी लोहे की रेलिंग और डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची. इस बीच किशोर के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल अंजनेय को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

सुबह-सुबह हुए हादसे से उठे सवाल
बरेका परिसर के भीतर हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. महज 13 साल की उम्र में किशोर की सड़क दुर्घटना में मौत से परिवार और आसपास के लोगों में शोक है. हादसा तड़के करीब 4:30 बजे हुआ, जब परिसर में आवाजाही अपेक्षाकृत कम रहती है. फिलहाल स्कूटी अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कम उम्र में दोपहिया वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 13 वर्षीय किशोर द्वारा स्कूटी चलाए जाने की परिस्थितियों की भी जांच का विषय है.

मामले की कार्रवाई में जुटी पुलिस
सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार की शाम गलत दिशा से आई तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. कार की टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दवा व्यवसायी प्रमोद कुमार (55) उछलकर करीब 20 फीट नीचे जा गिरे. गंभीर रूप से घायल प्रमोद को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे में बाइक सवार संतोष वर्मा भी घायल हो गए. राहगीरों ने भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. चौबेपुर के धरहरा निवासी प्रमोद कुमार दवा व्यवसायी थे. सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के आरोपी कार चालक की पहचान सारनाथ के मवइया निवासी डब्लू यादव के रूप में हुई है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. दुर्घटना में शामिल कार को सीज कर दिया गया है. प्रमोद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: कृतिका नक्षत्र में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष संयोग, गंगा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु



