काशी तमिल संगमम 5.0 का 28 नवंबर से आगाज, उद्घाटन में शामिल हो सकते हैं अमित शाह

वाराणसी:- काशी तमिल संगमम अपने पांच संस्करण के लिए तैयार है. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से इस संस्करण का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होना है. इसके उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित रह सकते हैं. प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है. काशी तमिल सगमम् का उद्घाटन समाराेह इस बार नमो घाट पर होगा. प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री 28 नवंबर को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से सीधे नमोघाट पहुंचकर काशी तमिल संगमम् में भाग लेंगे. इसके बाद वह वापस अपने दौरे पर चले जाएंगे.
इस कार्यक्रम में पहले से उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आना प्रस्तावित है. सभी वीवीआइपी का अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं आया है. काशी तमिल संगमम उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक व भाषाई विरासत को जोड़ने का महत्वपूर्ण आयोजन है. इसके माध्यम से काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है. इसका लगातार प्रतिवर्ष आयोजन हो रहा है. इस बार का थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलोम – थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ है. इसमें शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक व सदाचार संबंधी शिक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.

तमिलनाडु से आठ दिवसीय यात्रा पर सात समूह आएंगे. यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल होंगे जहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशिष्ट और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. तमिलनाडु और काशी के लिए क्रमशः आइआइटी मद्रास और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय नोडल समन्वय संस्थान हैं.
छात्रों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
काशी तमिल संगमम् 5.0 के पूर्व आयोजनों की श्रृंखला में सोमवार को बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर परिसर में मेंहदी एवं पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. मेंहदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक डिजाइन बनाकर अपनी कलात्मक कुशलता का परिचय दिया. इस गतिविधि के माध्यम से भारतीय पारंपरिक कला और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया गया. छात्रों ने मेंहदी कला के जरिए लोगों को काशी तमिल संगमम् 5.0 में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया. प्रतियोगिता का समन्वयन विजय भगत ने किया.
Also Read:- बरेका में तेज रफ्तार बनी काल, डिवाइडर से टकराकर स्कूटी सवार किशोर की मौत
इसके बाद ‘तिरुक्कुरल पढ़ें एवं सीखें’ विषय पर पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसका उद्देश्य तमिल साहित्य के महान ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों और जीवन-दर्शन को रचनात्मक माध्यम से प्रस्तुत करना था. प्रतिभागियों ने पोस्टरों के माध्यम से तिरुक्कुरल में निहित विचारों और तमिल साहित्य की समृद्ध परंपरा को अभिव्यक्त किया.



