वाराणसी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा सवार युवक की मौत, तीन गंभीर...

वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र के गंज मोहल्ले में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, आशापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने गंज मोहल्ले के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे. हादसे में चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरैया छावनी निवासी राजेश विश्वकर्मा (28) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनकी पत्नी नेहा (26), भतीजा अनिकेत (12) समेत ई-रिक्शा चालक और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने मौके पर हंगामा करते हुए आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कॉर्पियो एक होटल संचालक के बेटे द्वारा चलाई जा रही थी और उसके खिलाफ पहले भी लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं. हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है.
ALSO READ:वाराणसी के कॉलेज में करोड़ों की लागत से बनेगा इंडोर स्टेडियम, विधायक ने किया भूमि पूजन...
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.



