सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू

वाराणसी: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में प्रवेश सूचना जारी करते हुए बताया कि प्रवेश प्रक्रिया समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जाएगी।
जारी सूचना के अनुसार विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित प्रथमा, पूर्वमध्यमा, उत्तरमध्यमा, शास्त्री प्रथम सेमेस्टर एवं आचार्य प्रथम सेमेस्टर की कक्षाओं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 10 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरने से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों एवं प्रवेश नियमावली को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से करना होगा।
ALSO READ: जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिया रोज आईजीआरएस पोर्टल देखने का निर्देश
प्रवेश आवेदन पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र डाउनलोड कर संबंधित महाविद्यालय में जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है।
कुलसचिव राकेश कुमार द्वारा जारी कार्यालयी ज्ञापन में सभी संबंधित विभागों, महाविद्यालयों और अधिकारियों को प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित कराने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।



