वाराणसी में दो से 27 फरवरी तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 12 जिलों के अग्निवीर होंगे शामिल

वाराणसी : पूर्वांचल के युवाओं के लिए एक बार फिर सेना में भर्ती होने का मौका मिल रहा है. सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) वाराणसी से जुड़े 12 जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों की भर्ती रैली दो से 27 फरवरी 2027 तक छावनी क्षेत्र में होगी. लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए रैली की जनपद वार तिथियां जल्द जारी की जाएंगी. एआरओ कार्यालय की ओर से सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज दुरुस्त रखने के साथ रैली की तैयारी शुरू कर देने की सलाह दी गई है.
सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, गोरखपुर और देवरिया आते हैं. इन जनपदों से विभिन्न श्रेणियों में 22,138 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. इनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी के 13,917, टेक्निकल के 3,596, ऑफिस असिस्टेंट/स्टोर कीपर टेक्निकल (क्लर्क) के 1,674, ट्रेड्समैन (10वीं) के 1,914, ट्रेड्समैन (8वीं) के 477, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट के 445 और महिला सैन्य पुलिस के 115 अभ्यर्थी शामिल हैं.
ALSO READ : वाराणसी की इस सीएचसी को एनक्यूएएस गुणवत्ता प्रमाणन, मिले 83.87 प्रतिशत अंक
महिला अभ्यर्थियों को छोड़कर अन्य सभी श्रेणियों के सफल अभ्यर्थियों की रैली फरवरी में वाराणसी में होगी. अलग-अलग जनपदों के अभ्यर्थियों के लिए रैली की तारीख अलग होगी, जिसे सेना की ओर से जल्द घोषित किया जाएगा. एआरओ ने अभ्यर्थियों से शैक्षिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखने और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए नियमित अभ्यास करने को कहा है.



