बकरा मंडी में गोकशी का आरोप, हिंदूवादी नेताओं का हंगामा

वाराणसी : पान दरीबा रोड स्थित मदरसा-अल-कुरैश मुताल्लिका गोट-मीट डीलर्स एसोसिएशन की बकरा मंडी में मंगलवार सुबह तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. कुछ हिंदूवादी नेताओं और युवकों ने गोकशी का आरोप लगाकर वहां हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने व्यापारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा करने वाले कुछ युवकों को पान दरीबा चौकी ले गई. मामले की जानकारी मिलने पर एडीएम सिटी अलोक वर्मा और डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की.
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक बकरी का फोटो वायरल होने के बाद अवैध कटान की सूचना मिली थी. मौके पर जांच करने पर मंडी में केवल बकरों की खरीद-फरोख्त चल रही थी, किसी भी प्रकार का कटान नहीं मिला. फिलहाल संदिग्ध परिस्थितियों के आधार पर चेतगंज थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
डीसीपी काशी जोन ने बताया कि यह इलाका एक मंदिर की परिधि में आता है, जहां कटान प्रतिबंधित है, हालांकि घटनास्थल मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर है. वायरल फोटो और छात्रों की तहरीर के आधार पर जांच जारी है. अधिकारियों के अनुसार, मौके पर गोकशी जैसी कोई पुष्टि नहीं हुई और यह मामला अफवाह से जुड़ा प्रतीत होता है. पुलिस अफवाह फैलाने वालों की भी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : बीएचयू में इस बात को लेकर छात्रों का विरोध, सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक-धक्कामुक्की
वहीं, मंडी संचालक नदीम कुरैशी ने बताया कि मंडी वर्षों से निजी जमीन पर संचालित हो रही है. उनका आरोप है कि कुछ युवक अचानक पहुंचे, दरवाजा पीटकर जबरन अंदर घुसे और व्यापारियों से मारपीट करने लगे. घबराए व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति संभाली. घटना के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें लोगों से पुलिस चौकी पर इकट्ठा होने की अपील करते हुए गोकशी का आरोप लगाया जा रहा है. एक मरी बकरी का वीडियो वायरल हे. इस मामले में काशी विद्यापीठ के छात्र शिवम तिवारी की तहरीर पर एफआईआर हुई है.



