वाराणसी में तेज रफ्तार मैजिक की टक्कर से बिजली मिस्त्री की मौत, शव रखकर चक्काजाम...

वाराणसी : राजातालाब थाना क्षेत्र में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पयागपुरके सामने सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया. तेज रफ्तार मैजिक की टक्कर से बाइक सवार बनारसी विश्वकर्मा (45) की मौत हो गई. टक्कर के बाद मैजिक चालक भाग निकला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं मंगलवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मातलदेई चौराहे पर शव सडक पर रखकर चक्काजाम कर दिया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस समझाबुझा कर जाम खुलवाने में जुट गई.

क्षेत्र के टोडरपुर निवासी बनारसी विश्वकर्मा बिजली मिस्त्री थे. वह बिजली वायरिंग का काम करते थे. काम के सिलसिले में शहर में आवाजाही करते थे. सोमवार की देर शाम वह घर लौट रहे थे.उसी दौरान हादसा हो गया. राजातालाब चौकी इंचार्ज राजेश मौर्य ने परिजनों को जानकारी दी. घायल को तुरंत बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. बनारसी की मौत की सूचना से परिवार सदमे में है. पत्नी ममता, पुत्र शिवा और सागर व भाई राजकुमार विश्वकर्मा रो-रोकर बेसुध हो गए हैं. इस बीच मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई और मुआवजे को लेकर चक्काजाम कर दिया. जाम के चलते वाहनों की कतार लग गई.
ALSO READ : डिंपल यादव ने बाबा विश्वनाथ और काशी कोतवाल के किए दर्शन, मंगला आरती में शामिल होकर मांगी सुख-समृद्धि…
युवक ने फंदे से लटक दी जान, बेरोजगारी से था अवसाद में
भेलूपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता में श्रीनिवास पांडेय (38) ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी. वह एक साल से बेरोजगार होने के कारण अवसाद में था. सोमवार सुबह परिजनों की सूचना पर पहुंची भेलूपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है. भेलूपुर पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. परिजनों ने पुलिस को बताया कि श्रीनिवास पिछले एक साल से नौकरी छूटने के बाद से बेरोजगार था. परिवार में पत्नी और एक दो साल की बेटी है. श्रीनिवास की मां का कुछ महीने पहले बीमारी से निधन हो गया था. पत्नी और पिता हृदय पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है.



