अपशिष्ट प्रबंधन पर संकट, हड़ताल पर बैठे निजी कंपनी के 500 कर्मचारी

Waste management in crisis, 500 employees of private company on strike
वाराणसी: शहर की अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है. प्रबंधन व्यवस्था से जुडी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सफाई कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में गुरुवार से हड़ताल शुरू कर दी. इससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. हड़ताल के दौरान कार्यस्थल पर हंगामे की स्थिति भी बनी रही. मौके पर पहुंचे एसीपी चेतगंज ने हालात का जायजा लिया, लेकिन मीडिया के सवालों से बचते नजर आए. वहीं कंपनी के प्रोजेक्ट के अधिकारी ने भी वेतन भुगतान के मुद्दे पर कोई भी स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी.

वेतन न मिलने से कर्मचारियों ने किया काम ठप्प
जानकारी के अनुसार, पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण करीब 500 कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया है. इसका सबसे अधिक असर आदमपुर और जैतपुरा क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है, जहां कचरा उठान पूरी तरह बंद हो गया है. हड़ताल के चलते 50 से अधिक कचरा संग्रहण वाहन सड़कों पर नहीं उतर सके, जिससे कई इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं. इससे न सिर्फ लोगों को असुविधा हो रही है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ गए हैं. कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी ने हर महीने की 7 तारीख तक वेतन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो महीने से भुगतान नहीं किया गया. इससे नाराज होकर कर्मचारियों ने हड़ताल का निर्णय लिया.

Also Read: वाराणसी में चार दिन तक भीषण लू का अलर्ट जारी, मौसम में बड़ा बदलाव
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया वेतन का पूरा भुगतान नहीं किया जाता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. इस बीच नगर निगम और कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने से स्थिति और गंभीर होती जा रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था बहाल कराने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की है. अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं. इस हड़ताल की वजह से माना जा रहा है कि अब आगे वाराणसी की स्वच्छता व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने जा रही है.




