बकरीद पर बंद रहेगी BHU अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की OPD, जान लें ये आदेश

वाराणसी: बकरीद के अवसर पर 28 मई को बीएचयू स्थित सरसुंदर लाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है. आदेश जारी होने के बाद छात्रों, मरीजों और कर्मचारियों को नई अवकाश तिथि की जानकारी दे दी गई है.

परीक्षाएं यथावत
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पहले अवकाश सूची में 27 मई को बकरीद की छुट्टी अंकित की गई थी, लेकिन त्योहार की तिथि में बदलाव के बाद अब 28 मई को अवकाश घोषित किया गया है. इसके तहत विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों और कार्यालयों में अवकाश रहेगा. हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि 28 मई को किसी संकाय या विभाग की परीक्षा पूर्व निर्धारित है तो वह अपने तय समय और कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी. परीक्षाओं के कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है.

इमरजेंसी सेवा रहेगी चालू
अस्पताल प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि आवश्यक और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी. इमरजेंसी सेवाएं, भर्ती मरीजों का उपचार और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं चालू रहेंगी, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़ें: बिजली उपकेंद्र बना ‘बाटी-चोखा सेंटर’! ट्रांसफार्मर के पास आग जलाकर खाना बनाते दिखे विद्युत कर्मी
बीएचयू प्रशासन ने छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों से अपील की है कि वे संशोधित अवकाश आदेश को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यों की योजना बनाएं. अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को सलाह दी है कि ओपीडी से संबंधित कार्य 28 मई से पहले या बाद में निपटा लें.



