Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

बनारस में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्सव, गंगा की गोद से पुलिस लाइन तक योग की लहर...

बनारस में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्सव, गंगा की गोद से पुलिस लाइन तक योग की लहर...
Jun 21, 2026, 10:13 AM
|
Posted By Isha Yadav

वाराणसी : आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरे शहर में योग की लहर देखने को मिली. गंगा के 84 घाटों पर योग मुद्राओं में डूबे साधकों से लेकर पुलिस लाइन, रेलवे, विश्वविद्यालय और प्रशासनिक कार्यालयों तक हर जगह सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए काशी ने एक बार फिर योग को वैश्विक मंच पर अपनी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनाया.


pic


पुलिस लाइन में फिटनेस का जोरदार संदेश


पुलिस लाइन में सुबह 6 बजे से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों और सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ योगाभ्यास किया. योग प्रशिक्षक शिखा शर्मा के निर्देशन में विभिन्न आसन और प्राणायाम किए गए.


कमिश्नर अग्रवाल ने कहा, “भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति को अपने लिए कम से कम 45 मिनट जरूर निकालना चाहिए. योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत जरूरी है.” एडिशनल कमिश्नर, डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी सहित तमाम पुलिसकर्मी कार्यक्रम में शामिल रहे.


gggg


गंगा की गोद में अनोखा नजारा


वाराणसी के 84 घाटों पर योग का खास आयोजन हुआ। सबसे आकर्षक दृश्य नमो घाट पर देखने को मिला, जहां लोग बाजरे (नाव) पर सवार होकर ध्यान मुद्रा में योग कर रहे थे. गंगा की लहरों के बीच योगाभ्यास का यह नजारा बेहद अनोखा रहा. नगर निगम द्वारा संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया.


महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सामूहिक योग


विद्यापीठ परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने योग किया. उत्तर प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और कुलपति प्रो. ए.के. त्यागी समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं.


कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव भाषण प्रसारित किया गया. अतिथियों ने कहा कि “योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन शैली का आधार है.”


vara



ALSO READ : 47केंद्रों पर आज कड़ी सुरक्षा के बीच होगी , रि - नीट परीक्षा...



रेलवे और DIG कार्यालय में भी योग


वाराणसी जंक्शन के जन सामुदायिक केंद्र पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव के नेतृत्व में योग दिवस मनाया गया. CRPF की 95वीं वाहिनी के निरीक्षक निरंजन कुमार सिंह और योग प्रशिक्षक अरविंद प्रसाद ने योग का प्रशिक्षण दिया. जिन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह दे कर सम्मानित किया गया.


डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के कार्यालय में भी योग सत्र हुआ. योग प्रशिक्षक मनीष कुमार पांडे ने प्रतिदिन योग को दिनचर्या में शामिल करने की प्रतिज्ञा दिलवाई.


योग गुरु ऐश्वर्या सेठ ने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वच्छ मन का वास होता है। प्रतिदिन मात्र 30 मिनट योग और ध्यान से बीमारियों से बचाव होता है और इंद्रियां जागृत रहती हैं.”


इस अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर काशी ने पूरे विश्व को संदेश दिया कि योग भारत की अमर देन है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और शांतिपूर्ण बनाने का माध्यम बन चुका है.

देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
वाराणसी। काशी की देव दीपावली की भव्यता और गंगा घाटों की अलौकिक छटा विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। दशाश्वमेध घाट पर दीपोत्सव, गंगा आरती और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के बीच रूस और ब्रिटेन से आए पर्यटक भी उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान विदेशी महिला पर्यटकों ने काशी की खूबसूरती और आयोजन की जमकर सराहना की।रूस की रहने वाली एलेना ने बताया कि वह करीब 10 साल पहले भी वाराणसी आ चुकी हैं। इस बार अपने दोस्तों को काशी की खूबसूरती और देव दीपावली की भव्यता दिखाने के लिए यहां लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल ब्रिटेन में रहती हैं। वहीं सोफिया और विक्टोरिया ने भी घाटों के माहौल और आयोजन को बेहद खूबसूरत बताया। उन्होंने कहा कि यहां की हर चीज उन्हें काफी पसंद आ रही है।दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के समापन के बाद भी विदेशी पर्यटक घाटों की रौनक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए रुके रहे। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। काशी की धार्मिक परंपरा, उत्सव की भव्यता और लोगों के स्वागत ने विदेशी मेहमानों के लिए देव दीपावली की शाम को यादगार बना दिया।
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
वाराणसी। देव दीपावली पर केदार घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य महाआरती और पूजन का आयोजन किया गया। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों की टिमटिमाहट, धूप-दीप की सुगंध और वैदिक मंत्रों के गूंजते स्वर ने पूरे घाट को भक्तिमय बना दिया। गंगा की सुरसुरी और लहरों के बीच जब आरती की लौ उठी तो ऐसा लगा मानो दीपों का प्रकाश मां गंगा की जलधारा में उतरकर आध्यात्मिक आभा बिखेर रहा हो। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और सुख-समृद्धि की कामना की। गंगोत्री सेवा समिति के पं. संदीप कुमार दुबे (सोनू महाराज) ने बताया कि वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन कर महाआरती की गई। घंट-घड़ियाल, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच आरती की लौ के साथ मां गंगा की स्तुति हुई। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की प्राचीन परंपरा को निभाते हुए श्रद्धालुओं ने घाट की सीढ़ियों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलित किए। दीपों की कतारों से सजा केदार घाट और गंगा की लहरों पर तैरते दीपों की आभा देखते बन रही थी। इस दौरान केदार घाट को सुगंधित देसी विदेशी फुल माला और विद्युत झालरों से सजाया गया था। आयोजन में कलाकारों ने काशी की संस्कृति, परंपरा, लोक आस्था पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली इस बार गौमाता को समर्पित रही। शंकराचार्य घाट पर श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य में गौदेव दीपावली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से गौमाता की रक्षा, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने का संदेश दिया गया।शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आदेशानुसार इस वर्ष की देव दीपावली गौमाता को समर्पित की गई। शंकराचार्य घाट पर दीपों और रंगोली के माध्यम से बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की सुंदर आकृति बनाई गई। इसके जरिए सनातन धर्म में गौमाता के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया।उन्होंने बताया कि मान्यता है कि काशी में देव दीपावली के दिन भगवान शिव के साथ समस्त देवी-देवता धरती पर अवतरित होते हैं। ऐसे पावन अवसर पर 33 कोटि देवी-देवताओं की आश्रयस्थली मानी जाने वाली गौमाता की रक्षा का संकल्प लेकर सभी देवी-देवताओं को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया। आयोजन के माध्यम से सरकार से देश में गोकशी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित करने की मांग की गई।इस दौरान शंकराचार्य जी महाराज के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सनातन धर्म में ईश्वर और गुरु का सर्वोच्च स्थान है, लेकिन घर में बनने वाली पहली रोटी ईश्वर या गुरु को नहीं, बल्कि गौमाता को समर्पित की जाती है। यह परंपरा स्वयं गौमाता के महत्व और सनातन संस्कृति में उनके स्थान को दर्शाती है।आयोजन में उपस्थित संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौमाता के जयकारे लगाए। सभी ने एक स्वर में देश में गोकशी को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की सरकार से मांग की। इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, केके द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा, दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वैदिक विद्यार्थी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।