बरेका में 67वीं अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का समापन, पश्चिम रेलवे का दबदबा.

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में आयोजित 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे के पहलवानों का दबदबा रहा। पश्चिम रेलवे ने ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। उत्तर रेलवे दूसरे और उत्तर पश्चिम रेलवे तीसरे स्थान पर रहा।
मेजबान बरेका के पहलवानों ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। बरेका के खिलाड़ियों ने तीन रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। समापन समारोह में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता टीमों और पदक विजेता पहलवानों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
अंतिम दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के अंतिम दिन फ्री स्टाइल के 97 किग्रा भार वर्ग में पश्चिम रेलवे के प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। रेलवे सुरक्षा बल के हरदीप सिंह को रजत, जबकि पश्चिम मध्य रेलवे के राहुल राठी और उत्तर रेलवे के विक्की को कांस्य पदक मिला।
फ्री स्टाइल के 74 किग्रा भार वर्ग में पश्चिम रेलवे के सौरभ सहरावत ने स्वर्ण और उत्तर रेलवे के यश ने रजत पदक हासिल किया। इस वर्ग में बरेका के मुन्ना यादव और उत्तर पश्चिम रेलवे के परविंदर ने कांस्य पदक जीता।
वहीं ग्रीको रोमन के 82 किग्रा भार वर्ग में उत्तर मध्य रेलवे के अमन ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रोहित दहिया ने रजत तथा मध्य रेलवे के अंकित और उत्तर रेलवे के नीरज ने कांस्य पदक हासिल किया। ग्रीको रोमन के 63 किग्रा भार वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे के संदीप ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रुपिन ने रजत और मध्य रेलवे के चेतन ने कांस्य पदक जीता।
13 रेलवे टीमों ने लिया हिस्सा
29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चली प्रतियोगिता में भारतीय रेल की 13 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, बरेका, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे की टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन की कुल 20 भार श्रेणियों में मुकाबले हुए।
ALSO READ : सेवा संकल्प यात्रा सात अक्टूबर को पहुंचेगी काशी, जगतपुर में 50 हजार से अधिक लोगों की जनसभा.
तीन दिनों तक चले मुकाबलों में पहलवानों ने अपने दांव-पेच और तकनीक का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।
समापन समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी और विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, खेलकूद संघ के पदाधिकारी, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।



